उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण की धीमी रफ्तार से आक्रोश: तेलीवाड़ा में लोगों ने किया चक्काजाम, नगर निगम पर लगाए आरोप – Ujjain News

उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण की धीमी रफ्तार से आक्रोश:  तेलीवाड़ा में लोगों ने किया चक्काजाम, नगर निगम पर लगाए आरोप – Ujjain News




उज्जैन में सिंहस्थ कुंभ मेले को लेकर शहर के तेलीवाड़ा क्षेत्र में धीमी गति से चल रहे चौड़ीकरण काम को लेकर रहवासी आक्रोशित हो गए। क्षेत्रीय पार्षद के साथ मिलकर उन्होंने चक्काजाम कर दिया। महीनों से उज्जैन में चल रहा चौड़ीकरण काम कई दिनों से क्षेत्र में बंद पड़ा है, जिसके चलते लोगों का सड़कों से निकलना मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चे और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को आक्रोशित रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने पूर्व निगम सभापति आजाद यादव के नेतृत्व में चक्का जाम कर दिया। एक घंटे से अधिक समय तक चले चक्का जाम के दौरान क्षेत्रीय रहवासियों ने नगर निगम के भाजपा बोर्ड और भाजपा सरकार को उज्जैन की हालत खराब करने का जिम्मेदार ठहराया। मौके पर नगर निगम के अपर आयुक्त पवन सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी, नगर निगम के सहायक यंत्री डूंगरसिंह परिहार और पीयूष भार्गव पहुंचे। अधिकारियों ने तीन दिन के भीतर सड़क चालू करने का आश्वासन दिया। पार्षद पूनम मोहित जायसवाल ने बताया कि तेलीवाड़ा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि चौड़ीकरण से प्रभावित निजातपुरा क्षेत्र के लोग भी परेशान हैं। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष रवि राय, राजेश राणा, धारा सिंह पहलवान, फारूक मंसूरी, राज चौहान, हर्षवर्धन आजाद यादव, विक्रांत जैन, बसंत परिहार, नरेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



Source link