Last Updated:
kuldeep varun to fire: भारत ने पहले तीनों मैच जीत कर श्रृंखला अपने नाम कर ली है लेकिन इस बीच उसके दो प्रमुख स्पिनर कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए.भारत ऑलराउंडर अक्षर पटेल की फिटनेस पर भी कड़ी नजर रखेगा, क्योंकि उंगली में चोट के कारण वह नागपुर में पहले मैच के बाद से नहीं खेल पाए हैं.
नई दिल्ली. अब तक खेल के हर विभाग में अपना दबदबा बनाने वाली भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार को यहां होने वाले चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भी किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी जिसमें वह स्पिनरों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद भी करेगी. अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन के शानदार प्रदर्शन से भारत ने पहले तीनों मैच जीत कर श्रृंखला अपने नाम कर ली है लेकिन इस बीच उसके दो प्रमुख स्पिनर कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए.
भारत ऑलराउंडर अक्षर पटेल की फिटनेस पर भी कड़ी नजर रखेगा, क्योंकि उंगली में चोट के कारण वह नागपुर में पहले मैच के बाद से नहीं खेल पाए हैं. भारत इस श्रृंखला में विश्व कप से पहले गेंदबाजी विभाग में अपने चरम पर पहुंचने की कोशिश कर रहा है लेकिन बल्लेबाजी में फिलहाल उसका कोई सानी नहीं दिख रहा है.
नहीं चला स्पिन का जादू
सीरीज के पहले तीनों मैचों में भारतीय फिरकी गेंदबाज ज्यादा असर नहीं डाल पाएं है. कुलदीप ने 2 मैचों में केवल दो विकेट लिए हैं और वह प्रभावित करने में असफल रहे हैं और उन्होंने प्रति ओवर 9.5 रन लुटाए पिछले मैच में भी कुलदीप ने तीन महंगे ओवर किए जिनमें उन्होंने 32 रन दिए. कुलदीप इससे पहले वनडे श्रृंखला में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, जिसमें उन्होंने तीन मैचों में तीन विकेट लिए थे और प्रति ओवर 7.28 रन दिए थे. चक्रवर्ती को पिछले मैच में विश्राम दिया गया था लेकिन पहले दो मैच में उनकी गेंदबाजी में वह धार नहीं दिखी जिसके लिए वह जाने जाते हैं. भारत इस बात पर विचार करेगा कि क्या चौथे मैच में बिश्नोई को ही टीम में बनाए रखा जाए और कुलदीप को विश्राम देने के लिए उनकी जगह चक्रवर्ती को वापस लाया जाए.
मेहमान गेंदबाजी की जमकर पिटाई
वनडे श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करने वाले न्यूजीलैंड के लिए टी20 श्रृंखला में अभी तक कुछ भी अच्छा नहीं रहा. किवी गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों के आक्रामक रवैये का जवाब देने में विफल रहे. इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि जेकब डफी उसके सबसे किफायती गेंदबाज हैं जबकि उनका इकॉनमी रेट 10.30 है। उसके अन्य गेंदबाज मैट हेनरी (13.80), काइल जैमीसन (14.20), मिचेल सैंटनर (13.14) और ईश सोढ़ी (12.50) भारतीय बल्लेबाजों को परेशान करने में पूरी तरह से नाकाम रहे हैं. न्यूजीलैंड को अगर विश्व कप से पहले जीत दर्ज करनी है तो उसके गेंदबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा. उसके लिए यह महत्वपूर्ण विभाग चिंता का विषय बना हुआ है.