‘मैदान में खिलाड़ी नहीं, देश का भविष्य दौड़ता है’, सीएम मोहन यादव ने किया खेलो MP Youth Games-2026 का शुभारंभ

‘मैदान में खिलाड़ी नहीं, देश का भविष्य दौड़ता है’, सीएम मोहन यादव ने किया खेलो MP Youth Games-2026 का शुभारंभ


Last Updated:

भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम में खेलो एमपी यूथ गेम्स-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेल हमारी संस्कृति और पहचान हैं. कैलाश खेर–कैलासा बैंड की प्रस्तुति और एक लाख खिलाड़ियों की सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया.

ख़बरें फटाफट

भोपाल में मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव ने खेलो एमपी यूथ गेम्स-2026 के विधिवत् शुभारंभ की घोषणा की.

भोपाल. राजधानी के तात्या टोपे नगर स्टेडियम में राज्य स्तरीय खेलो एमपी यूथ गेम्स-2026 का भव्य आगाज हुआ. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधिवत शुभारंभ करते हुए कहा कि मैदान में खिलाड़ी नहीं, देश का भविष्य दौड़ता है. खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, पहचान और आत्मबल का प्रतीक हैं. उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया और कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स हमारी समृद्ध परंपरा का रीविजन हैं. मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया. दर्शकों से मोबाइल टॉर्च जलवाकर सामूहिक सहभागिता के साथ भारत माता की जय के गगनभेदी नारों के बीच खेलों की शुरुआत कराई गई. रंगारंग प्रस्तुतियों, मार्च पास्ट और शपथ ग्रहण के साथ स्टेडियम उत्साह और ऊर्जा से भर उठा.

केंद्रीय युवा कल्याण एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया के वीडियो संदेश में बताया गया कि कम समय में करीब एक लाख खिलाड़ियों को जोड़ना बड़ी उपलब्धि है. यह आयोजन विकसित और सशक्त भारत की दिशा में कदम है. खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि युवाओं को शिक्षा और खेल से जोड़ना 2047 के विकसित भारत का आधार है. बीते दो वर्षों में मध्यप्रदेश खेलों में देश में तीसरे स्थान पर पहुंचा है.

खेल महोत्सव: पारंपरिक और आधुनिक दोनों प्रकार के खेलों की समृद्ध परंपरा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में पारंपरिक और आधुनिक दोनों प्रकार के खेलों की समृद्ध परंपरा है. खेलो एमपी यूथ गेम्स केवल स्पर्धा नहीं, एक महोत्सव हैं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है. कॉमनवेल्थ से ओलंपिक की तैयारी तक भारत का आत्मविश्वास बढ़ा है. इस वर्ष पहली बार पिठ्ठी, रस्साकशी जैसे पारंपरिक ग्राम्य खेलों के साथ थ्रो बॉल और क्रिकेट को भी शामिल किया गया. सरकार का उद्देश्य जमीनी खेलों से लेकर आधुनिक खेलों तक अवसरों का विस्तार करना है.

कैलाश खेर और उनके कैलासा बैंड के शो को देखने उमड़ी भीड़ 
पद्मश्री अवार्डी सूफी गायक कैलाश खेर और उनके कैलासा बैंड की लाइव प्रस्तुति समारोह का मुख्य आकर्षण रही. ‘मैदान से मेडल तक’ नृत्य नाटिका ने खिलाड़ियों के संघर्ष और अनुशासन को मंच पर जीवंत किया.

एक हजार करोड़ रुपये की लागत से इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
भोपाल के नाथू बरखेड़ा में लगभग एक हजार करोड़ रुपये की लागत से इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण प्रस्तावित है. इसके पूरा होने पर भोपाल झीलों के शहर के साथ ‘खेलों के शहर’ के रूप में भी पहचाना जाएगा.

About the Author

Sumit verma

सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्‍थानों में सजग जिम्‍मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें

homemadhya-pradesh

‘मैदान में खिलाड़ी, देश का भविष्य’, सीएम ने लॉन्‍च किया खेलो MP Youth Games



Source link