Hero Splendor Plus vs Honda Shine100: भारत, दुनिया का सबसे बड़ा टू-व्हीलर मार्केट है. यहां सबसे ज्यादा 100 सीसी की क्षमता वाली मोटरसाइकिलें बिकती हैं. इस सेगमेंट में दो सबसे बड़े नाम हीरो स्प्लेंडर और होंडा शाइन हैं. अगर आप कन्फ्यूज हो रहे हैं इनमें से किस Daily Commuting Bike को खरीदने में समझदारी है, तो हम आपकी मदद करने वाले हैं.
अपने इस लेख में हम Splendor Plus और Shine 100 को साथ रखकर उनकी कीमत, डिजाइन, फीचर्स, इंजन स्पेसिफिकेशन और माइलेज की डिटेल पर नजर डालेंगे, इससे आपको पता चल जाएगा कि आपके बजट और जरूरत के हिसाब से किस 100 सीसी बाइक में पैसा लगाना ज्यादा बेहतर है.
कीमत (एक्स शोरूम)
Hero Splendor Plus की शुरुआती कीमत लगभग ₹74,152 (ड्रम) से शुरू होकर ₹76,437 तक जाती है. XTEC वेरिएंट ₹90,000 के आसपास मिलेगा. वहीं, Honda Shine 100 की कीमत ₹65,243 से शुरू होकर DX वेरिएंट के लिए ₹75,000 के आसपास तक जाती है. Shine 100 आमतौर पर 8-10 हजार रुपये सस्ती पड़ती है.
डिजाइन डिटेल
Hero Splendor Plus का डिजाइन क्लासिक, सिंपल और टाइमलेस है. छोटा फ्यूल टैंक, पारंपरिक ग्राफिक्स, हल्की बॉडी (112 kg) और आसान हैंडलिंग इसे ग्रामीण और शहरी दोनों सड़को लिए बेहतर बनाती है. Honda Shine 100 का लुक ज्यादा मॉडर्न है. स्लिम बॉडी, LED DRL, बेहतर फिनिशिंग और युवा अपील इसे थोड़ा एडवांस बनाती है.
स्पेसिफिकेशन और इंजन
Hero Splendor Plus में 97.2 cc एयर-कूल्ड इंजन है, जो 8 PS (लगभग 7.91 bhp) पावर और 8.05 Nm टॉर्क देता है. इसे 4-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है. Honda Shine 100 में 98.98 cc एयर-कूल्ड, फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन है (eSP टेक्नोलॉजी) है, जो 7.38 PS पावर और 8.05 Nm टॉर्क देता है. इसे भी 4-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है.
फीचर्स और माइलेज
दोनों में बेसिक फीचर्स जैसे ड्रम ब्रेक (कुछ में कॉम्बी ब्रेकिंग) और एनालॉग मीटर है, Hero Splendor Plus के टॉप वेरिएंट में i3S (आइडल स्टॉप), डिजिटल डिस्प्ले, USB चार्जिंग और LED लाइट्स मिलती हैं. Honda Shine 100 DX में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और साइलेंट स्टार्टर है. दोनों ही 70 KMPL के आसपास माइलेज देने में सक्षम हैं.