भोपाल से महाराष्ट्र की ओर जा रही वर्मा ट्रेवल्स की एक बस बुधवार रात इंदौर बायपास पर हादसे का शिकार हो गई। घटना रात करीब 9 से 9.30 बजे के बीच लसूड़िया थाना क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि एक अन्य वाहन चालक को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई है। हादसे के दौरान एक लोडिंग वाहन भी बस की चपेट में आ गया, जिससे उसका चालक घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया है। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। बस में यात्रियों के साथ बच्चे भी मौजूद थे। सूचना मिलते ही लसूड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। यात्रियों को इमरजेंसी गेट और पीछे का कांच तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में वर्मा ट्रेवल्स की दूसरी बस से सभी यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजा गया। हादसे के चलते बायपास पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। दुर्घटना में बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने बताया कि बस चालक और लोडिंग वाहन चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा, जिससे यह स्पष्ट किया जा सके कि किसी ने शराब का सेवन तो नहीं किया था। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर MP 04 ZL 8622 बताया गया है।
Source link