Sanju Samson Form: भारत और न्यूजीलैंड के चौथा टी20 इंटरनेशनल मैच बुधवार, 28 जनवरी को खेला जाएगा. 5 मैचों की सीरीज में टीम इंडिया 3-0 से आगे है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले सूर्यकुमार यादव की टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है, लेकिन संजू सैमसन का फॉर्म एकमात्र चिंता का विषय है. चयनकर्ताओं ने शुभमन गिल की कुर्बानी देकर संजू को मौका दिया है, लेकिन इस सीरीज में स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ने अभी तक निराश किया है. गुवाहाटी में खेले गए तीसरे मुकाबले में वो बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे. उससे पहले उन्होंने शुरुआती दो मैचों में 10 और 6 का स्कोर किया.
ऐसे में बड़ा सवाल ये है कि टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटी टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे T20I में संजू सैमसन को मौका देती है या नहीं? मैच से पहले गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने संजू से जुड़े सवाल पर रिएक्शन दिया.
संजू सैमसन पर मोर्कल ने दिया बड़ा हिंट
टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने ये साफ कर दिया कि संजू सैमसन भले ही संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन चौथे मैच में उनका खेला लगभग कन्फर्म है. मीडिया से बातचीत में मोर्कल ने कहा कि हम उनके फॉर्म को लेकर चिंतित नहीं हैं. वो नेट्स में शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और उम्मीद है वो जल्द ढेर सारे रन बनाएंगे.
गेंदबाजी कोच ने कहा, ”मुझे लगता है कि ये बस कुछ समय की बात है जब संजू सैमसन रंग में लौटेंगे. मुख्य बात यह है कि टीम जीत रही है, और मुझे लगता है कि यही महत्वपूर्ण है। हम इस सीरीज में फिलहाल 3-0 से आगे हैं, लड़के बहुत अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं. विश्व कप शुरू होने से पहले अब हमारे पास कुछ मैच बचे हैं, और मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि संजू अपनी फॉर्म वापस पा लेंगे.
सैमसन ने अभ्यास में जमकर बहाया पसीना
खराब फॉर्म से गुजर रहे संजू सैमसन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे T20I से पहले नेट्स पर जमकर पसीना बहाया. उन्होंने अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अभिषेक और साइड-आर्मर रघु जैसे विभिन्न गेंदबाजों का सामना करते हुए 30 मिनट से अधिक बल्लेबाजी की. शुरुआती कुछ मिनटों के संघर्ष के बाद, सैमसन अपने जाने-पहचाने अंदाज में वापस आए और एसीए-वीडीसीए स्टेडियम के दूर-दराज के कोनों में गेंद को पहुंचाने लगे. इसके बाद केरल के बल्लेबाज ने नेट के किनारे हेड कोच गौतम गंभीर और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक से लंबी बातचीत की.
ये भी पढ़ें: WPL 2026: 2 स्थान के लिए 3 टीमों में भयंकर जंग… प्लेऑफ की रेस से दूर चली गई ये टीम, समझें पूरा समीकरण