गणतंत्र-दिवस पर भारत माता की जगह लक्ष्मी माता की पूजा: मंत्रियों ने खाया शाही मिड-डे-मील; भाजपा विधायक बन गए ट्रेनर – Madhya Pradesh News

गणतंत्र-दिवस पर भारत माता की जगह लक्ष्मी माता की पूजा:  मंत्रियों ने खाया शाही मिड-डे-मील; भाजपा विधायक बन गए ट्रेनर – Madhya Pradesh News




मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। गणतंत्र दिवस पर घनघोर लापरवाही
मध्य प्रदेश को यूं ही अजब-गजब नहीं कहा जाता। यहां आए दिन कुछ न कुछ ऐसा हो ही जाता है, जो चर्चा का विषय बन जाता है। इस बार ऐसा ही एक कारनामा धार जिले के धरमपुरी की पीपल्दागढ़ी पंचायत में देखने को मिला, जहां गणतंत्र दिवस के मौके पर घनघोर लापरवाही सामने आई। यहां 26 जनवरी के आयोजन में भारत माता की तस्वीर की जगह लक्ष्मी माता की तस्वीर रखकर पूजा-अर्चना कर दी गई। जब ग्रामीणों की इस पर नजर पड़ी तो वे गुस्सा हो गए और पंचायत कर्मचारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। हंगामे के बाद लक्ष्मी माता की तस्वीर हटाकर उसकी जगह भारत माता की तस्वीर लगाई गई। हालांकि, लक्ष्मी माता की तस्वीर को भी भारत माता की तस्वीर के पास ही रख दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। अब लोग चुटकी ले रहे हैं कि यहां तो गणतंत्र दिवस के साथ-साथ धनतेरस भी मना लिया गया। आखिर लक्ष्मी कृपा भी तो जरूरी है, भाई। सीएम के आने से पहले सब चकाचक
मुख्यमंत्री, मंत्री या कोई बड़ा अफसर जब कहीं दौरे पर आता है, तो वहां कछुआ गति से चल रही व्यवस्थाएं अचानक खरगोश की रफ्तार से दौड़ने लगती हैं। रातोंरात सब कुछ चकाचक हो जाता है। कुछ ऐसा ही नजारा अशोकनगर के मढ़ी महिदपुर गांव में देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक गोशाला का निरीक्षण किया। सीएम के आने से पहले ही अधिकारी मौके पर पहुंच गए और सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दीं। गोशाला में साफ-सफाई कराई गई। जगह-जगह पड़े गोबर को हटाया गया। गायों के लिए घास मंगवाई गई और साथ ही गुड़-चना की भी व्यवस्था की गई। जब मुख्यमंत्री यहां पहुंचे, तो उन्होंने इत्मीनान से गो-पूजा की। अब लोग चुटकी ले रहे हैं कि अगर नेता लोग ऐसे ही जगह-जगह दौरे पर आते रहें, तो वहां की व्यवस्थाएं अपने आप सुधर जाएं। वर्ना आम दिनों में तो कोई सुध लेने वाला नहीं होता। नेता के चरण पड़े तो बदली व्यवस्थाएं
नेता लोग सचमुच में जादूगर होते हैं। उनके चरण पड़ते ही व्यवस्थाएं खुद-ब-खुद सुधर जाती हैं। गणतंत्र दिवस के मौके पर भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब सीएम से लेकर डिप्टी सीएम और मंत्री बच्चों के साथ बैठकर मिड-डे मील खाते नजर आए। लेकिन उस दिन व्यवस्थाएं कुछ बदली-बदली सी दिखीं। मिड-डे मील किसी शाही भोज से कम नहीं लग रहा था। बैठने की व्यवस्था हो या खाना परोसने का तरीका, सब कुछ शानदार था। आम दिनों में बच्चों को ऐसे इंतजाम नसीब नहीं होते। अब मैहर से सामने आई तस्वीर को ही देख लीजिए। यहां कोई नेता नहीं पहुंचा, तो बच्चों को अखबार के कागज पर मिड-डे मील परोस दिया गया। वहीं, जहां-जहां नेता पहुंचे, वहां शाही व्यवस्थाएं दिखीं। है न, नेता जी का जादू। कुछ भी करो, सोशल मीडिया पर डालो
सुर्खियों में कैसे रहना है, यह नेताओं को बखूबी आता है। वे ऐसा कोई मौका हाथ से जाने नहीं देते। यह उनका एक खास गुण भी है। गणतंत्र दिवस पर ऐसे कई नजारे देखने को मिले। भाजपा विधायक हरदीप सिंह डंग बच्चों को परेड सिखाते और उनके साथ कदमताल करते नजर आए। वे एक कार्यक्रम में अतिथि बनकर पहुंचे थे, लेकिन जब उन्होंने बच्चों की परेड में खामी देखी तो खुद मैदान में उतर गए और उनके ट्रेनर बन गए। वहीं, पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव का उनके क्षेत्र में घोड़े पर बैठाकर, किसी बारात की तरह, स्वागत किया गया। राजवर्धन सिंह पहले कांग्रेस में थे और मंत्री भी रह चुके हैं। पिछला चुनाव भले ही हार गए हों, लेकिन अब सत्ताधारी दल से जुड़े हैं तो ऐसा स्वागत तो बनता ही है। इधर, कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय एक महिला की मदद करते नजर आए। सड़क पर महिला के फल बिखर गए थे, जिन्हें विधायक ने उठाकर समेटने में मदद की। इस दौरान उनके सहयोगी ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया गया। अब लोग चुटकी ले रहे हैं कि यह सोशल मीडिया का दौर है। कुछ भी करो, लेकिन कैमरे के सामने करो और उसे सोशल मीडिया पर डालो। आखिर कहते भी हैं, जो दिखता है, वही बिकता है। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), दिव्येश सिंघल (धरमपुरी, धार), संजीव यादव (अशोकनगर), शादाब चौधरी (मंदसौर), मनोज सोलंकी (बदनावर) ये भी पढ़ें –
धीरेंद्र शास्त्री के लिए रामदेव बाबा ने देख ली लड़की: सरकार ने बंद कर दी मंत्री की आवाज बाबा रामदेव ने एक बार फिर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की शादी की बात छेड़ दी। वो भी उन्हीं के मंच से। बाबा रामदेव ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री से कहा कि मैंने तो आपके लिए बिटिया भी देख रखी है। योगगुरु की बात सुनकर धीरेंद्र शास्त्री शरमा गए और मुस्कुराते रहे। पूरी खबर पढ़ें



Source link