ठेले से शुरू हुआ सफर, आज क्विंटल में बिक्री! एक महीने तक खराब नहीं होती बुरहानपुर की ये डिश

ठेले से शुरू हुआ सफर, आज क्विंटल में बिक्री! एक महीने तक खराब नहीं होती बुरहानपुर की ये डिश


मोहन ढाकले / बुरहानपुर: मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले की एक छोटी-सी दुकान आज देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक अपनी खास पहचान बना चुकी है. बुरहानपुर से करीब 5 किलोमीटर दूर दरियापुर इलाके में कडू महाजन की सेव की दुकान लोगों के लिए सिर्फ नाश्ते की जगह नहीं, बल्कि स्वाद की याद बन चुकी है. खास बात यह है कि यहां बनने वाली सेव एक महीने तक खराब नहीं होती, यही वजह है कि इसकी डिमांड देश-विदेश तक बनी हुई है.

एक ही स्वाद, 40 साल से वही भरोसा
कडू महाजन की यह दुकान करीब 40 साल पुरानी है. दुकान संचालक बताते हैं कि जिस स्वाद के साथ उन्होंने शुरुआत की थी, आज भी वही स्वाद ग्राहकों को मिल रहा है. यही कारण है कि जो भी इस रास्ते से गुजरता है, वह यहां रुके बिना आगे नहीं बढ़ता. कोई गरमा-गरम सेव खाकर सफर जारी करता है, तो कोई अपने घर और रिश्तेदारों के लिए पैक करवाकर ले जाता है.

ठेले से शुरू हुआ सफर, आज क्विंटल में बिक्री
लोकल 18 से बातचीत में कडू महाजन बताते हैं कि उन्होंने 40 साल पहले एक छोटे से ठेले से सेव बनाकर बेचने की शुरुआत की थी. धीरे-धीरे लोगों को उनके हाथ की बनी सेव इतनी पसंद आई कि काम बढ़ता चला गया. आज हालात यह हैं कि रोजाना क्विंटल के हिसाब से सेव बिकती है और ग्राहक दूर-दूर से यहां पहुंचते हैं.

फीवर बेसन और घर के मसालों का कमाल
इस सेव की सबसे बड़ी खासियत इसका बनाने का तरीका है. कडू महाजन फीवर चने की दाल के बेसन, घर में तैयार मसाले और शुद्ध मूंगफली के तेल का इस्तेमाल करते हैं. यही वजह है कि सेव न सिर्फ स्वादिष्ट होती है, बल्कि लंबे समय तक खराब भी नहीं होती. फिलहाल यह सेव ₹320 प्रति किलो के भाव से बिक रही है.

गरमा-गरम सेव, सामने बनती है
ग्राहकों के सामने ही कड़ाही में सेव डाली जाती है और गरमा-गरम सेव तुरंत बेची जाती है. कडू महाजन बताते हैं कि उनकी सेव की खासियत यह भी है कि इसे मिर्ची के साथ सीधा खाया जा सकता है, तो इसकी सब्जी भी बनाई जाती है. यही बहुउपयोगी स्वाद इसे और खास बनाता है.

विदेशों तक पहुंचा बुरहानपुर का स्वाद
इस सेव की डिमांड अब विदेशों तक पहुंच चुकी है. बुरहानपुर और आसपास के जो विद्यार्थी पढ़ाई या नौकरी के लिए विदेश गए हैं, उनके परिवार आज भी यह सेव पार्सल के जरिए भेजते हैं. एक महीने तक खराब न होने की वजह से विदेश भेजने में भी कोई दिक्कत नहीं आती.

स्वाद जो याद बन जाए
कडू महाजन की दुकान आज सिर्फ एक नाश्ते की दुकान नहीं, बल्कि बुरहानपुर की पहचान बन चुकी है. यहां आने वाला हर ग्राहक एक बार स्वाद चखने के बाद दोबारा जरूर लौटता है.



Source link