रायसेन में इस सीजन की पहली बारिश मंगलवार रात 11:30 बजे गरज-चमक के साथ शुरू हुई। बारिश करीब 40 मिनट तक जारी रही, जिसके दौरान छोटे ओले भी गिरे। हालांकि, ओलों का आकार छोटा था और वे कुछ ही समय के लिए बरसे। तेज हवाओं के कारण शहर के कुछ हिस्सों में बिजली गुल हो गई। बताया जा रहा है कि बारिश और ओलों का असर मुख्य रूप से रायसेन के शहरी क्षेत्र में देखा गया, जबकि आसपास के ग्रामीण इलाकों में इसका प्रभाव कम रहा। इस बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। किसानों का कहना है कि यह सीजन की पहली बारिश है, जिससे फसलों को काफी फायदा होगा। विशेषकर उन किसानों को लाभ मिलेगा जो अपनी गेहूं की फसल में सिंचाई कर रहे थे। बुधवार का मौसम
बुधवार सुबह बारिश के कारण शहर में कोहरा छाया रहा और ठंडी हवाएं चलने से सर्दी बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) और ट्रफ लाइन के कारण मध्य प्रदेश में मौसम में यह बदलाव आया है। रायसेन में मौसम में बदलाव शनिवार दोपहर से ही दिखना शुरू हो गया था। जम्मू-कश्मीर में हुई बर्फबारी के प्रभाव से रविवार और सोमवार को बर्फीली हवाओं के कारण घना कोहरा और तेज ठंड पड़ी। इसके बाद आसमान में बादल छा गए, जिससे दिन और रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। आने वाले दिनों में बारिश की संभावना
वर्तमान में रायसेन का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी बादल छाए रहने, धुंध पड़ने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके साथ ही, जिले में और बारिश होने की भी संभावना बनी हुई है। देखें तस्वीरें
Source link