सफेद दाग को करती गायब, हड्डियों को करती टनाटन! इस जड़ी-बूटी ने आयुर्वेद में मचाया धमाल

सफेद दाग को करती गायब, हड्डियों को करती टनाटन! इस जड़ी-बूटी ने आयुर्वेद में मचाया धमाल


Bakuchi Herb Benefits: मध्य प्रदेश का विंध्य क्षेत्र औषधीय जड़ी-बूटियों का खजाना माना जाता है. यहां पाई जाने वाली कई दुर्लभ वनस्पतियां आयुर्वेद में खास महत्व रखती हैं. इन्हीं में से एक है बाकुची, जिसे बावची या बकुची भी कहा जाता है. प्राचीन काल से आयुर्वेद में इस औषधीय पौधे का इस्तेमाल त्वचा रोगों से लेकर कई गंभीर बीमारियों के इलाज में किया जाता रहा है. आज भी आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति में बाकुची को बेहद प्रभावशाली माना जाता है.

त्वचा रोगों में क्यों खास है बाकुची?
आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. विपिन सिंह बताते हैं कि बाकुची विशेष रूप से त्वचा से जुड़ी समस्याओं के लिए जानी जाती है. इसके बीजों में पाया जाने वाला सक्रिय तत्व प्सोरालेन सूर्य की रोशनी के संपर्क में आने पर त्वचा में मेलानिन के उत्पादन को बढ़ाता है. इसी कारण सफेद दाग (विटिलिगो), सोरायसिस, एक्जिमा, दाद और खुजली जैसी समस्याओं में इसका उपयोग काफी लाभकारी माना जाता है. बाकुची का तेल त्वचा पर लगाने से संक्रमण कम होता है और त्वचा में प्राकृतिक निखार आता है.

आयुर्वेद में बाकुची का महत्व
डॉ. विपिन सिंह के अनुसार, आयुर्वेद में बाकुची को कफ-वात शामक औषधि माना गया है. यह दीपन-पाचन को सुधारने वाली, रक्तशोधक और वृष्य यानी प्रजनन क्षमता बढ़ाने वाली जड़ी-बूटी के रूप में वर्णित है. इसके अलावा बाकुची का उपयोग यकृत विकार, बवासीर, पेट के कीड़े, घाव और मूत्र संबंधी समस्याओं में भी किया जाता है.

हड्डियों और जोड़ों के लिए भी फायदेमंद
बाकुची हड्डियों को मजबूत करने में भी सहायक मानी जाती है. इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी तत्व जोड़ों की सूजन और दर्द को कम करने में मदद करते हैं. यही वजह है कि गठिया और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं में भी आयुर्वेदिक डॉक्टर इसके प्रयोग की सलाह देते हैं.

कैंसर और डायबिटीज पर भी असर?
डॉ. सिंह बताते हैं कि हालिया शोधों में यह संकेत मिले हैं कि बाकुची में मौजूद कुछ तत्व कैंसर कोशिकाओं की वृद्धि को रोकने में सहायक हो सकते हैं. साथ ही यह ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करने में भी मददगार हो सकती है, जिससे मधुमेह रोगियों के लिए इसके उपयोग की संभावनाएं बढ़ गई हैं.

बिना सलाह न करें इस्तेमाल
हालांकि, डॉ. विपिन सिंह चेतावनी भी देते हैं कि बाकुची प्राकृतिक औषधि होने के बावजूद गलत तरीके या अधिक मात्रा में उपयोग करने पर नुकसान कर सकती है. खासतौर पर त्वचा पर लगाने से फोटोसेंसिटिविटी यानी धूप में जलन, लालिमा या छाले जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए इसका उपयोग हमेशा किसी अनुभवी आयुर्वेदाचार्य या डॉक्टर की सलाह से ही करना चाहिए.



Source link