Last Updated:
Falgun Month 2026 Start Date: फाल्गुन मास 2026 की शुरुआत 2 फरवरी से हो रही है और इसे साल का सबसे पुण्य महीना माना जाता है. इस माह में महाशिवरात्रि और होली जैसे बड़े पर्व आते हैं, जिससे इसका धार्मिक महत्व बढ़ जाता है. धार्मिक मान्यता है कि फाल्गुन में पूजा, दान और साधना करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है. इस दौरान सात्त्विक जीवनशैली अपनाना और तामसिक चीजों से दूर रहना शुभ माना जाता है. जानिए फाल्गुन मास में कौन से काम करें और किन बातों से बचना चाहिए.
शुभम मरमट / उज्जैन. हिंदू धर्म में फाल्गुन मास को बेहद पावन और फलदायी माना गया है. यह साल का अंतिम महीना होता है और इसी महीने में महाशिवरात्रि और होली जैसे बड़े पर्व आते हैं, जो इसे और भी खास बना देते हैं. मान्यता है कि फाल्गुन माह में की गई पूजा, दान और साधना का फल कई गुना होकर मिलता है. यही वजह है कि इस महीने को आध्यात्मिक उन्नति और सौभाग्य बढ़ाने वाला माना गया है. उज्जैन के आचार्य पंडित आनंद भारद्वाज से जानते हैं कि फाल्गुन मास में क्या करना शुभ होता है और किन बातों से बचना चाहिए.
कब से शुरू हो रहा है फाल्गुन मास?
हिंदू पंचांग के अनुसार फाल्गुन मास माघ पूर्णिमा के अगले दिन से शुरू होता है. साल 2026 में फाल्गुन माह की शुरुआत 02 फरवरी से हो रही है और यह 03 मार्च तक रहेगा. इस दौरान प्रकृति में भी बदलाव देखने को मिलता है और धार्मिक दृष्टि से यह समय बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है.
फाल्गुन मास में दान का विशेष महत्व
फाल्गुन माह को दान-पुण्य के लिए भी उत्तम माना गया है. इस महीने महाशिवरात्रि, होली और विजया एकादशी जैसे प्रमुख व्रत-त्योहार आते हैं. महाशिवरात्रि भगवान शिव की आराधना का पर्व है, जबकि होली आनंद और प्रेम का प्रतीक है. धार्मिक मान्यता है कि इस माह में अन्न, वस्त्र, धन और जरूरतमंदों को दी गई सहायता से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है.
फाल्गुन मास में भूलकर भी न करें ये काम
फाल्गुन मास को पवित्र माना गया है, इसलिए इस दौरान सात्त्विक जीवनशैली अपनाने की सलाह दी जाती है. मांस, मदिरा, लहसुन और प्याज जैसी तामसिक चीजों से दूरी बनाए रखना शुभ होता है. साथ ही किसी के प्रति ईर्ष्या, द्वेष या बुरा सोचने से भी बचना चाहिए. मान्यता है कि इस महीने नकारात्मक सोच और गलत कर्म करने से पुण्य के बजाय दोष बढ़ता है.
फाल्गुन में जरूर करें ये शुभ कार्य
इस माह में भगवान श्रीकृष्ण और भगवान शिव की पूजा करना विशेष फलदायी माना गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, फाल्गुन में चंद्र देव का जन्म हुआ था, इसलिए चंद्र देव की पूजा का भी महत्व है. रोजाना महादेव की पूजा करें और शिवलिंग का जल, दूध, बेलपत्र आदि से अभिषेक करें.इसके साथ ही अन्न, धन और वस्तुओं का दान करें. पितरों की कृपा पाने के लिए फाल्गुन माह में तर्पण और विशेष दान करना भी शुभ माना गया है. ऐसा करने से परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है और जीवन की बाधाएं दूर होती हैं.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें