Last Updated:
IND vs NZ 4th T20: विशाखापत्तनम में हुए चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 50 रनों से हरा दिया. शुरुआती तीन मुकाबलों में तबाही मचाने वाला भारतीय टॉप ऑर्डर का बल्ला इस मुकाबले में नहीं चला. अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव सस्ते में आउट हो गए. हालांकि, शिवम दुबे ने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए 63 रन की पारी खेली, लेकिन यह रन जीत के लिए काफी नहीं थे. फैंस टीम के बल्लेबाजों को नहीं, बल्कि दो अन्य खिलाड़ियों को इस हार का गुनहगार मान रहे हैं.
216 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय पारी सिर्फ 165 रन पर ही सिमट गई. तूफानी शुरुआत दिलाने वाले ओपनर अभिषेक शर्मा का बल्ला इस मुकाबले में पूरी तरह खामोश रहा. अभिषेक पारी की पहली ही गेंद का सामना करते हुए बिना खाता खोले आउट हो गए. उन्हें मैट हेनरी ने अपना शिकार बनाया. भारत को बड़ा झटका तब लगा, जब कप्तान सूर्यकुमार यादव के रूप में सिर्फ 9 रन के स्कोर पर टीम का दूसरा विकेट भी गिरा गया.

हालांकि, शिवम दुबे ने 23 गेंदों में 65 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम इंडिया की उम्मीदें कायम जरूर रखीं, लेकिन जीत दिलाने में कामयाब नहीं रहे. उनकी पारी में तीन चौके और सात छक्के शामिल रहे. उनके अलावा रिंकू सिंह ने 39 रन बनाए. वहीं, शुरुआती तीन मैचों में फ्लॉप रहे संजू सैमसन को अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन 24 रन बनाकर वह भी चलते बने.

इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. ओपनर डेवोन कॉनवे और टिम सिफर्ट ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. दोनों ने तेजी से रन बनाए और सिर्फ 8 ओवर में ही टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया. उस समय ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड 250 रन से ज्यादा बना लेगा. लेकिन कॉनवे के आउट होने के बाद कीवी टीम ने लगातार विकेट गंवाए, जिससे स्कोर 215 रन तक ही सीमित रह गया.
Add News18 as
Preferred Source on Google

भारत के गेंदबाजों ने 11वें से 20वें ओवर के बीच अच्छी वापसी की, नहीं तो न्यूजीलैंड का स्कोर बहुत ज्यादा हो सकता था. हालांकि, दो गेंदबाजों का प्रदर्शन बेहद खराब रहा. ये थे हर्षित राणा और रवि बिश्नोई. न्यूजीलैंड ने कुल 215 रन बनाए, जिनमें से 93 रन सिर्फ इन दोनों गेंदबाजों ने दे दिए. हर्षित राणा ने 4 ओवर में 53 रन लुटाए. वहीं, रवि बिश्नोई 49 रन दे बैठे. रवि बिश्नोई ने पिछले मैच में शानदार गेंदबाजी की थी.

इस खराब प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर फैंस दोनों खिलाड़ियों की जमकर आलोचना कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि जब मौके मिलते हैं, तो खिलाड़ियों को लगातार अच्छा प्रदर्शन करना चाहिए. एक मैच में अच्छा खेलकर अगले ही मैच में खराब प्रदर्शन करना सही नहीं है.

तीसरे टी20 मैच में रवि बिश्नोई ने बेहतरीन गेंदबाजी की थी. उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर दो अहम विकेट लिए थे, जिनमें ग्लेन फिलिप्स और चैपमैन जैसे बल्लेबाज शामिल थे. उसी वजह से न्यूजीलैंड उस मैच में बड़ा स्कोर नहीं बना पाया था. लेकिन इस मुकाबले में बिश्नोई की गेंदबाजी पूरी तरह डगमगाती दिखी और न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने उन्हें आसानी से चौके-छक्के लगाए.

दूसरी ओर हर्षित राणा का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा. फैंस का कहना है कि उनके खेल में कोई स्थिरता नहीं दिखती. कभी वह विकेट ले लेते हैं, तो कभी बहुत ज्यादा रन दे देते हैं. इस सीरीज के पिछले दो मैचों में भी उन्होंने काफी रन लुटाए हैं. इस मैच में तो उन्होंने 4 ओवर में 53 रन दे दिए. न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने उनकी गेंदबाजी को आसानी से खेला.

टीम इंडिया की नजरें इस हार को भुलाकर सीरीज 4-1 से नाम करने पर होंगी, जब सूर्यकुमार यादव एंड कंपनी तिरुवनंतपुरम में पांचवें टी20 खेलेगी. देखना यह होगा कि क्या इस मुकाबले में भी संजू सैमसन को मौका मिलता है, जो सीरीज में अब तक अपनी छाप नहीं छोड़ पाए हैं. देखना यह भी होगा कि चौथे टी20 में बाहर बैठे ईशान किशन क्या लौटेंगे?

पांचवां टी20 इंटरनेशनल मैच 31 जनवरी को ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम, तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा. टीम इंडिया इस मुकाबले के बाद सीधा टी20 वर्ल्ड कप में एक्शन में होगी. ऐसे में भारत जीत के साथ हौसले बुलंद रखते हुए टी20 वर्ल्ड कप में उतरने की कोशिश करेगा.