Ajinkya Rahane on PCB: टी20 विश्व कप 2026 की तैयारी पूरी है. सभी टीमों का ऐलान हो चुका है. इस बार कुल 20 टीमें भारत और श्रीलंका की सरजमीं पर होने वाले इस मेगा इवेंट में हिस्सा ले रही हैं, जिनमें पाकिस्तान भी शामिल है. पिछले दिनों पाकिस्तान टीम का ऐलान भी कर दिया गया था, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अब तक यह साफ नहीं किया है कि वह 7 फरवरी से शुरू होने वाले इस इवेंट में हिस्सा लेगा या नहीं. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी ने पिछले दिनों इस टूर्नामेंट का बहिष्कार करने की गीदड़भभकी दी थी. अब इस मामले में भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को बेनकाब करते हुए एक बयान से उसे उसकी औकात बता दी है.
सबसे पहले यह जानते हैं कि आखिर पाकिस्तान ने क्यों इस इवेंट से हटने की धमकी दी थी. मोहसिन नकवी ने क्या कहा था और अब रहाणे ने कौन सा बयान देकर सनसनी मचा दी है.
दरअसल, पिछले दिनों इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर करके उसकी जगह स्कॉटलैंड को मौका दिया है. ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि बांग्लादेश की टीम ने भारत में अपने मैच खेलने से इनकार किया था. इस विवाद में पाकिस्तान ने भी एंट्री ली थी और बांग्लादेश के समर्थन में ICC के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए टी20 विश्व कप 2026 से हटने की धमकी दी थी.
मोहसिन नकवी ने क्या कहा था?
मोहसिन नकवी ने बांग्लादेश का समर्थन करते हुए कहा था कि ‘बांग्लादेश को टूर्नामेंट में भाग लेने से नहीं रोका जाना चाहिए. उन्होंने कहा था कि बांग्लादेश के साथ अन्याय हुआ है. मैंने यही बात ICC की बोर्ड मीटिंग में भी कही थी. आप डबल स्टैंडर्ड नहीं रख सकते, जहां एक देश जब चाहे फैसला ले ले और दूसरा देश कुछ नहीं कर सके. इसलिए हमने यह स्टैंड लिया है कि बांग्लादेश के साथ अन्याय हुआ है. उन्हें वर्ल्ड कप में खेलने से नहीं रोका जाना चाहिए. वह एक बड़े स्टेकहोल्डर हैं. उनके साथ यह अन्याय नहीं होना चाहिए.’
PCB पीछे हटा तो बर्बाद हो जाएगा पाकिस्तान क्रिकेट!
मोहसिन नकवी के इस बयान के बाद एक रिपोर्ट आई, जिसमें ICC के सूत्रों की तरफ से दावा किया गया था कि अगर पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप में नहीं खेलने का फैसला करता है, तो ICC की तरफ से उस पर कई बैन लग सकते हैं. इनमें किसी भी इंटरनेशनल टीम के साथ द्विपक्षीय सीरीज न खेलना, PSL में विदेशी खिलाड़ियों को NOC न मिलना और एशिया कप में भाग न लेना शामिल है. इससे पाकिस्तान को करोड़ों का झटका लगेगा.
इस रिपोर्ट के बाद PCB चीफ ने अपने बयान में कहा था कि ‘हम सरकार की सलाह का इंतजार कर रहे हैं और सरकार जो भी कहेगी, हम वही करेंगे. अगर सरकार वर्ल्ड कप में नहीं जाने को कहती है, तो हम उसका पालन करेंगे.’
रहाणे बोले- पाकिस्तान के पास हिम्मत नहीं
इस पूरे विवाद में अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने बड़ा दावा किया है. उनका मानना है कि पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बहिष्कार नहीं करेगा, क्योंकि उनमें ऐसा करने की हिम्मत नहीं है. रहाणे ने क्रिकबज पर बात करते हुए कहा,’मुझे नहीं लगता कि वे ऐसा करेंगे. उनमें ऐसा करने की हिम्मत नहीं है.’
ये भी पढ़ें: T20I के एक ओवर में सबसे ज्यादा रन… शिवम दुबे की तबाही से बदल गई टॉप 5 बल्लेबाजों की लिस्ट, नंबर 1 पर किसका राज?