डिस्पोजल बनेगा सबूत! खुले में पीने वालों की खैर नहीं, बालाघाट पुलिस उठने जा रही कड़े कदम

डिस्पोजल बनेगा सबूत! खुले में पीने वालों की खैर नहीं, बालाघाट पुलिस उठने जा रही कड़े कदम


Last Updated:

Balaghat News: बालाघाट के काली पुतली चौक समेत कई जगहों पर शराब दुकानों के सामने खुलेआम शराब पी जा रही है, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं. पुलिस आबकारी एक्ट 36 बी के तहत कार्रवाई करेगी.

Balaghat News: बालाघाट में कई शराब दुकानों के आगे अब दिनदहाड़े लोगों ने खुलेआम शराब पीनी शुरू कर दी है. अगर इन दुकानों पर शौकीन शराब खरीदते और शांति से चले जाते तो शायद किसी को कोई तकलीफ न होती. लेकिन, मामला एक कदम आगे है. शौकीन दुकान के आगे ही शराब पीते हैं. फिर हुड़दंग मचाते हैं. ऐसे में रिहायशी इलाके में रहने वाले लोग तो परेशान हैं ही, किसी प्रकार की घटना होने की भी आशंका बनी रहती है. लोकल 18 की टीम भी शहर के अलग-अलग जगहों पर गई और वहां का माहौल देखा, जानिए क्या बोले स्थानीय लोग…

इधर पुलिस ट्रैफिक संभालती, उधर लोग शराब पीते
मामला बालाघाट के काली पुतली चौक का है. वहां पर पुलिस चेकिंग और ट्रैफिक कंट्रोल करती है. उसके दूसरी ओर बस स्टैंड है, जहां पर न सिर्फ जिले भर से बल्कि दूसरे जिलों और राज्यों से लोग आते हैं. इसी बीच में एक शराब दुकान है, जहां से लोग शराब तो खरीदते हैं, लेकिन सीधे घर नहीं जाते. वह ठीक दुकान के सामने ही शराब पीना शुरू कर देते हैं. वहीं पर दोनों ओर मंदिर हैं, जहां पर श्रद्धालु आते-जाते हैं. इसके ठीक सामने नगर पालिका है. ऐसे में इतनी चहल-पहल वाले इलाके में लोग बेखौफ होकर शराब पीते हैं. लोकल 18 के कैमरे पर कुछ शराबी रंगेहाथों पकड़े गए. वे अपने काम में इतने मशगूल हो गए कि कैमरा को ही नजरअंदाज कर दिया. फिर वहीं, शराब पी और पानी और शराब की खाली बोतल वहीं फेंक कर चल दिए.

शराब पीने वाले दूध बेचने वाले को धमकाते
जहां पर लोग शराब पीते हैं, उसी के पास में दूध की दुकान है. ऐसे में दुकान संचालक उनसे कुछ कह दे कि यहां पर शराब मत पियो तो वह उल्टा दूध बेचने वाले को ही धमकाते और ठेला बंद करवाने की बात कहते हैं. दूध बेचने वाले शख्स बताते हैं कि मंदिर से लगी दीवार और ऑटो की आड़ में शराब पीते हैं. गंदगी फैलाते हैं. ऐसा नहीं ही कि पुलिस उन पर कार्रवाई नहीं करती. पुलिस आती है, उनको भगाती है, फिर अगले दिन से वैसे ही हो जाता है.

गलत पते पर चल रही शराब दुकान
रिहायशी इलाके के वार्ड नंबर 24 से भी ऐसी ही शिकायत सामने आई है, जहां पर महिलाएं जनसुनवाई के दौरान कलेक्ट्रेट पहुंचीं. शिकायत की कि गलत पते पर शराब दुकान चल रही है. दुकान का असली पता वार्ड नंबर 32 है, लेकिन वह वार्ड नंबर 24 में दुकान खोल कर बैठा है. वह इतना बेखौफ हैं कि वह शराब बेचने के साथ बिठाकर पिलाता भी है. ऐसे में इलाके में महिलाएं और बच्चे रहते हैं, तब समस्या बड़ी हो जाती है. शराब पीने के बाद वे अपना आपा खो बैठते हैं और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में इलाके के बच्चों पर गलत असर पड़ता है.

ग्लास बनेगा सबूत और होगा केस दर्ज
बालाघाट कोतवाली प्रभारी कामेश कुमार धुमकेती ने बताया, खुले में शराब पीने वालों पर पहले से ही कार्रवाई की जा रही है. लगातार शराब दुकानों के आसपास पुलिस पैदल मार्च करती है. खुले में शराब पीने वालों को सबक भी सिखाया है. अब जो खुले में शराब पीते पाए जाएंगे, उस पर आबकारी एक्ट 36 बी के तहत कार्रवाई की जाएगी. इसमें शराब पीने वाले डिस्पोजल और बोतल को जब्त किया जाएगा और अगले दिन चालान भी पेश किया जाएगा.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें

homemadhya-pradesh

डिस्पोजल बनेगा सबूत! खुले में पीने वालों की खैर नहीं, पुलिस उठाएगी बड़ा कदम



Source link