पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम चौपरा में गुरुवार, 29 जनवरी को एक जंगली सुअर ने 60 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। इस हमले में महिला का दायां हाथ बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम चौपरा निवासी चंदा बाई (60), पति छतर सिंह, अपनी गाय को खेत की ओर ले जा रही थीं। जैसे ही वह खेत के समीप पहुंचीं, झाड़ियों में छिपे जंगली सुअर ने उन पर अचानक हमला कर दिया। सुअर ने उनके दाएं हाथ पर गंभीर वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। महिला की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और वन समिति अध्यक्ष अहिल्या बाई को घटना की सूचना दी। तत्काल डायल 112 को सूचित किया गया। पायलट सतीश तिवारी और नगर सेना के जवान राजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद, महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार लोधी ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय कटनी रेफर कर दिया। डॉक्टर के अनुसार, महिला के हाथ में घाव काफी गहरे हैं। इस घटना के बाद से चौपरा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है, जिससे किसान खेतों में जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
Source link