बालाघाट जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कलेक्टर के निर्देश पर विभिन्न होटलों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान बालाघाट में दो होटलों में अत्यधिक गंदगी और अनियमितताएं पाए जाने पर उन्हें सील कर दिया गया। बैहर रोड स्थित होटल तौकीर बिरयानी और सिवनी बिरयानी एंड होटल की जांच में किचन में भारी गंदगी, खराब फर्श, गंदी दीवारें और चिपचिपे बर्तन मिले। इसके अतिरिक्त, बासी सब्जियां, गंदे फ्रिज और बिना स्वच्छता नियमों का पालन किए काम करने वाले कर्मचारी भी पाए गए। इन होटलों में खाद्य विभाग के आवश्यक दस्तावेज भी मौजूद नहीं थे। इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए टीम ने दोनों होटलों को सील कर दिया। होटल संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत प्रकरण तैयार कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, जिले के तिरोड़ी स्थित सत्कार होटल और बीकानेर मिष्ठान में भी अस्वच्छता के साथ खाद्य पदार्थ बनाए जा रहे थे। इन स्थानों से दही, पेड़ा, खोवा और बर्फी के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। दोनों दुकानदारों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। खाद्य सुरक्षा टीम ने बालाघाट के गुजरी बाजार में संचालित अनाज दुकानों का भी निरीक्षण किया। यहां से विभिन्न प्रकार की दालों, चना, मटर और अन्य अनाजों के कुल 15 नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं।
Source link