Last Updated:
Sanju Samson: लगातार चार मुकाबलों में फ्लॉप रहने के बाद संजू सैमसन को बाहर करके आखिरी टी20 में ईशान किशन को मौका देने की मांग उठ रही है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर पार्थिव पटेल ने सलाह दी है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले पांचवें टी20 मैच में संजू सैमसन को बाहर बैठाया जाए. उन्होंने कहा कि संजू का मौजूदा फॉर्म चिंता का विषय है.
नई दिल्ली. संजू सैमसन का बल्ला न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में पूरी तरह खामोश रहा है. चार मुकाबलों में ओपनिंग करते हुए सैमसन के बल्ले से सिर्फ 40 रन ही निकले. इस खराब फॉर्म ने आगामी टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया की टेंशन बढ़ा दी है. सैमसन के पास लय में लौटने के लिए एक ही मौका बचा है, न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवां टी20. हालांकि, इस मैच में उन्हें बेंच पर बैठाए जाने की मांग हो रही है. कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स का कहना है कि सैमसन की जगह ईशान किशन को ओपनिंग का मौका दिया जाना चाहिए, जिन्होंने दमदार फॉर्म दिखाया है और टी20 वर्ल्ड कप टीम का भी हिस्सा हैं.
बेंच पर बैठेंगे सैमसन?
दरअसल, पूर्व भारतीय क्रिकेटर पार्थिव पटेल ने संजू सैमसन के खराब फॉर्म को देखते हुए टीम मैनेजमेंट को सलाह दी है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले पांचवें टी20 मैच में उन्हें बाहर बैठाया जाए. इस सीरीज में संजू का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है. चार मैचों में उन्होंने सिर्फ 10, 6, 0 और 24 रन बनाए हैं. पार्थिव पटेल का मानना है कि आखिरी मैच में संजू की जगह ईशान किशन को मौका मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ईशान को ज्यादा मैच खेलने का मौका देना समझदारी होगी.
संजू सैमसन को ड्रॉप करने की मांग.
जियो हॉटस्टार पर बात करते हुए पार्थिव ने कहा कि भारत को पांचवें टी20 मैच में ईशान किशन को खिलाना चाहिए, क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप में वही टीम के मुख्य विकेटकीपर हो सकते हैं. झारखंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन करीब दो साल बाद टी20 टीम में लौटे हैं. उन्होंने अपनी घरेलू टीम को पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताई और इसी शानदार प्रदर्शन के दम पर टी20 वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाई. इस सीरीज में अब तक ईशान ने तीन मैच खेले हैं, जिनमें उनके स्कोर 8, 76 और 28 रन रहे हैं.
पार्थिव पटेल ने कहा, ‘अगर मैं टीम इंडिया के फैसले लेने वाले ग्रुप में होता, तो सीरीज के आखिरी मैच में संजू सैमसन की जगह ईशान किशन को खिलाता. मैं संजू को बाहर बैठाकर ईशान को विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर मौका देता. अगर टी20 वर्ल्ड कप के लिए ईशान को मुख्य विकेटकीपर बनाना है, तो पांचवें टी20 और साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच में उन्हें ही विकेटकीपिंग देनी चाहिए.’
उन्होंने आगे कहा, ‘रिपोर्ट्स के मुताबिक तिलक वर्मा वर्ल्ड कप से पहले फिट हो जाएंगे. अगर वह पूरी तरह फिट होते हैं, तो टीम में उनके लिए जगह बनानी होगी. जब यह फैसला लेना ही है, तो देर क्यों? आखिरी मैच में संजू की जगह ईशान को खिलाइए.’
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें