T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 में बांग्लादेश को भारत के जिन चार मैदानों पर खेलने में दिक्कत थी, अब वहां नई स्कॉटलैंड टीम जलवा दिखाएगी. ग्रुप C में बांग्लादेश को रिप्लेस करने वाली स्कॉटलैंड टीम पूरी तरह तैयार है. वो अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को खेलने जा रही है. उसका पहला मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के खूबसूरत स्टेडियमों में शुमार कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होगा. रिची बेरिंगटन की टीम जीत के सपने लेकर मैदान पर उतरेगी और अपने अभियान का एक शानदार आगाज करना चाहेगी.
दरअसल, पिछले दिनों ICC ने बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया था. बांग्लादेश भारत में आकर मैच खेलने को तैयार नहीं था. उसने श्रीलंका में मैच शिफ्ट करने की मांग की थी. वो अपनी इस मांग पर अड़ा हुआ था, आखिर में उसे बाहर होना पड़ा. ICC ने नियम के तहत स्कॉटलैंड को जगह दी है, जिसकी कमान रिची बेरिंगटन संभाल रहे हैं. इस टीम को ग्रुप C में जगह मिली है, जिसमें वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, नेपाल और इटली भी हैं.
इन मैदानों पर होने थे मैच
बांग्लादेश को ग्रुप स्टेज के तीन मैच कोलकाता में खेलना था, जबकि एक मैच मुंबई में होना था. अब इन मैदानों पर स्कॉटलैंड खेलेगी. 7 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में उसका पहला मैच, फिर 9 और 14 फरवरी को इसी मैदान पर उसे इटली और इंग्लैंड से भिड़ना है. ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला वो नेपाल के खिलाफ मुंबई में खेलेगी.
7वीं दफा विश्व कप में हिस्सा ले रही स्कॉटलैंड
ये वही स्कॉटलैंड है, जो पिछले 9 टी20 विश्व कप में से छह में हिस्सा ले चुकी है. वो पिछली दफा 2024 में हुए विश्व कप में भी खेली थी और ओमान, नामीबिया को मात दी थी, लेकिन ग्रुप स्टेज में उसे ऑस्ट्रेलिया ने मात देकर बाहर कर दिया था. अब 7वीं बार वो इस मेगा इवेंट में खेलती नजर आएगी.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए स्कॉटलैंड का स्क्वॉड
रिची बेरिंगटन (कप्तान), टॉम ब्रूस, मैथ्यू क्रॉस, ब्रैडली करी, ओलिवर डेविडसन, क्रिस ग्रिव्स, जैनुल्लाह एहसान, माइकल जोन्स, माइकल लीस्क, फिनले मैक्रेथ, ब्रैंडन मैकमुलन, जॉर्ज मुन्सी, सूफियान शरीफ, मार्क वॉट, ब्रैडली व्हील
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में स्कॉटलैंड का शेड्यूल (Scotland’s schedule for the T20 World Cup 2026)
- 07 फरवरी, बनाम वेस्टइंडीज, कोलकाता
- 09 फरवरी, बनाम इटली, कोलकाता
- 14 फरवरी, बनाम इंग्लैंड, कोलकाता
- 17 फरवरी, बनाम नेपाल, मुंबई