टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान के लेग स्पिनर अबरार अहमद ने बिना नाम लिए टीम इंडिया पर निशाना साधा है. पाकिस्तानी गेंदबाज अबरार अहमद ने एक बार फिर अपने एक ‘नापाक’ बयान से सुर्खियां बटोरी हैं. बता दें कि अबरार अहमद ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लाहौर में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान पाकिस्तान की जीत में अहम रोल निभाया था. अबरार अहमद ने इस T20I मैच में 4 ओवर फेंके और 10 रन देकर 2 विकेट झटके.
पाकिस्तानी गेंदबाज का ‘नापाक’ बयान
अबरार अहमद ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस टी20 इंटरनेशनल मैच में 2.50 की इकोनॉमी रेट के साथ गेंदबाजी कर कंगारू बल्लेबाजों की नाक में दम कर दिया था. अबरार अहमद ने इस टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान कूपर कोनोली (0) और जोश फिलिप (12) को अपना शिकार बनाया था. अबरार अहमद के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में 22 रन से हरा दिया. मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में अबरार अहमद से उनके विकेट सेलिब्रेशन को लेकर सवाल किया गया.
बिना नाम लिए भारत पर साधा निशाना
प्रेस कांफ्रेंस में अबरार अहमद से सवाल पूछा गया कि उन्होंने इस मैच में विकेट लेने के बाद अपना फेमस सेलिब्रेशन किया, जो लंबे अरसे के बाद आया है. पत्रकार ने अबरार अहमद से इसका कारण पूछा और कहा कि टी20 वर्ल्ड कप के दौरान उनका ये सेलिब्रेशन क्या बार-बार देखने को मिलेगा. इस सवाल पर अबरार अहमद ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘मैं यह सेलिब्रेशन जब चाहूंगा तब दिल से करूंगा और खासकर कुछ टीमों के खिलाफ तो मैं यह जरूर करूंगा.’ अबरार अहमद ने यहां बिना नाम लिए भारत पर निशाना साधा है.
कब से शुरू होगा टी20 वर्ल्ड कप?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 7 फरवरी से 8 मार्च तक खेला जाएगा. टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट में टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत USA (संयुक्त राज्य अमेरिका) के खिलाफ मैच से करेगी. 15 फरवरी को भारत का सामना चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा. अबरार अहमद के इस बयान का जवाब भारतीय बल्लेबाज अगर टी20 वर्ल्ड कप के दौरान देते हैं, तो किसी को भी हैरानी नहीं होगी.