होलकर स्टेडियम में 18 जनवरी को हुए भारत-न्यूजीलैंड मैच की टिकट बिक्री को लेकर मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) सवालों के घेरे में आ गया है। मैच के बाद जनसुनवाई में पूर्व पार्षद संजय कटारिया ने टिकटों की कालाबाजारी को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी कि इतनी जल्दी ऑनलाइन टिकट कैसे बिक गए? इस पर संज्ञान लेते हुए एडीएम रोशन राय ने एमपीसीए सचिव सुधीर असनानी को पत्र लिखकर जवाब मांगा है। भारत-न्यूजीलैंड मैच के सभी टिकटों की बिक्री www.district.in से ऑनलाइन हुई थी। सबसे सस्ता टिकट 800 और महंगा 9 हजार रुपए का था। विद्यार्थी छूट और दिव्यांग कोटे के टिकट के बाद जनरल टिकटों की बिक्री 3 जनवरी को सुबह 5 बजे से शुरू हुई थी। करीब आधे घंटे में मैच के सभी टिकट बिक गए थे। ब्लैक में तीन गुना कीमत में बिके टिकट
दर्शक अमन शर्मा ने बताया कि टिकट खरीदने के लिए सुबह 4 बजे जागा था। वेबसाइट खुलने के बाद जब मैंने बुकिंग की तो मेरा नंबर 1.23 लाख पर था। लेकिन जब तक मेरा नंबर आया, वेबसाइट ने मुझे बाहर कर दिया। दर्शक प्रियांशु ने भी बताया कि हमने सुबह से वेबसाइट खोलने की कोशिश की थी, लेकिन ओपन होने के बाद तीन बार बंद हो गई। ब्लैक में तीन गुना कीमत पर टिकट बिक रहे थे। पुलिस ने कुछ लोगों को टिकटों की कालाबाजारी करते हुए भी पकड़ा था। शिकायत के बाद एमपीसीए सचिव से पूछा है किसी तरह की अनियमितता तो नहीं हुई है। टिकट बिक्री की प्रक्रिया पर उन्हें तीन दिन में जवाब देना है। – रोशन राय, एडीएम
Source link