अगर आप आने वाले समय में तीर्थ यात्रा करने की योजना बना रहे हैं और इसके लिए कोई ऐसी सुविधा ढूंढ रहे हैं जिसमें आपको किसी तरह की झंझट ना रहे तो रेलवे का IRCTC एक ट्रेन पैकेज लेकर आया है, जिसमें केवल आपको टिकट बुक कराना है बाकी सारी सुविधाओं का ध्यान IRCTC रखेगा. सबसे खास बात यह है कि एकसाथ कई धार्मिक नगरियों का भ्रमण करने के बावजूद यह यात्रा काफी किफायती रहेगी.
IRCTC करेगा स्पेशल ट्रेन का संचालन
IRCTC की घोषणा अनुसार इंदौर से 10 अप्रैल को भारत गौरव पर्यटन यात्रा के तहत एक स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा जो श्रद्धालुओं को काशी विश्वनाथ, अयोध्या, बाबा बैजनाथ, गया, गंगासागर और जगन्नाथ पुरी के दर्शन कराएगी. यह पूरा टूर 10 रात और 11 दिन का होगा, जिसमें आपको केवल टिकट बुक कराना होगा इसके बाद सारी सुविधाओं का प्रबंध IRCTC करेगा.
इस यात्रा की बुकिंग IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर खुद कर सकते हैं या फिर किसी एजेंट और क्षेत्रीय कार्यालय से भी बुकिंग कर सकते हैं. इसके लिए स्लीपर क्लास का किराया 19,900, जबकि 3AC स्टैंडर्ड का 32,45. वहीं 2AC का 42,750 पर रखा गया है.
टिकट बुक करने के बाद मिलेंगी कई सुविधाएं
एक बार टिकट बुक कराने के बाद पैकेज में कई सुविधाएं शामिल होंगी, जिसमें सुबह का नाश्ता दोपहर और रात का शुद्ध शाकाहारी भोजन होगा. इसके साथ ही रात में रुकने के लिए होटल और धर्मशाला की व्यवस्था भी IRCTC ही कराएगा. लोकल स्टेशन से मंदिर तक घूमने के लिए ऐसी बसों की सुविधा होगी साथ ही हाउस कीपिंग और टूर गाइड भी मौजूद रहेगा.
इंदौर से रवाना होने वाली इस ट्रेन में आसपास के यात्रियों का भी ध्यान रखा गया है जो यात्री इंदौर नहीं आ सकते वो उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, भोपाल (रानी कमलापति), इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी और अनूपपुर से भी ट्रेन बोर्ड कर सकते हैं.
IRCTC भारतीय गौरव पर्यटन यात्रा के तहत देश भर में चलाया है ट्रेनें
रेलवे भारतीय गौरव पर्यटन यात्रा के तहत देश भर में कई ट्रेनें चलाता है, जिसमें अलग अलग तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए जाते हैं. समय-समय पर भारत गौरव पर्यटन यात्रा की घोषणा होती रहती है, क्योंकि यह किफायती रहती है और सारी सुविधाएं स्टैंडर्ड होती है इसलिए इसके टिकट भी जल्द ही बुक हो जाते हैं. अगर आप भी इंदौर या दिए गए स्थानों से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं तो इस पर विचार कर सकते हैं.