15 किमी पैदल चलकर झाबुआ पहुंचे पाडलवा के छात्र: स्कूल की अव्यवस्थाओं के खिलाफ खोला मोर्चा; कहा- गंदा पानी पीना मजबूरी, प्राचार्य धमकाती हैं – Jhabua News

15 किमी पैदल चलकर झाबुआ पहुंचे पाडलवा के छात्र:  स्कूल की अव्यवस्थाओं के खिलाफ खोला मोर्चा; कहा- गंदा पानी पीना मजबूरी, प्राचार्य धमकाती हैं – Jhabua News




झाबुआ जिले के ग्राम पाडलवा स्थित मॉडल स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को अपनी मांगों को लेकर बड़ा आंदोलन किया। स्कूल की अव्यवस्थाओं और बुनियादी सुविधाओं की कमी से परेशान होकर ये बच्चे करीब 15 किलोमीटर का सफर पैदल तय कर जिला मुख्यालय झाबुआ पहुंचे। रास्ते में अधिकारियों ने उन्हें समझाने और रोकने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। कुएं का गंदा पानी पीने को मजबूर छात्र आंदोलन कर रहे छात्रों का आरोप है कि स्कूल में मूलभूत सुविधाओं का बुरा हाल है। विद्यालय में पीने के पानी की भारी किल्लत है। पाइपलाइन एक साल से अधूरी पड़ी है, जिसके कारण बच्चों को कुएं का दूषित पानी पीना पड़ रहा है। पानी की टंकियों में भी भारी गंदगी जमी रहती है। इसके अलावा शौचालयों की स्थिति इतनी जर्जर है कि छात्र बाहर जाने को मजबूर हैं, जहां सांप और अन्य जहरीले जीवों का खतरा बना रहता है। खुली डीपी और प्राचार्य के व्यवहार पर नाराजगी छात्रों ने सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल के ठीक सामने स्थित बिजली का ट्रांसफार्मर (डीपी) एक साल पहले ब्लास्ट हुआ था, जो आज भी बिना सुरक्षा जाली के खुला पड़ा है। छात्रों ने स्कूल की प्राचार्य गोपिका डावर पर भी आरोप लगाए। उनका कहना है कि प्राचार्य छात्रों के सामने ही शिक्षकों को धमकाती हैं, जिससे स्कूल में पढ़ाई की जगह डर का माहौल बना रहता है। विधायक ने दिया समर्थन छात्रों के पैदल मार्च की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। सहायक आयुक्त सुप्रिया बिसेन, जिला शिक्षा अधिकारी रूपसिंह बामनिया और एसडीएम भास्कर गाचले ने छात्रों को रास्ते में रोककर मनाने का प्रयास किया। विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया भी छात्रों के बीच पहुंचे इस दौरान क्षेत्रीय विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया भी छात्रों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं को जायज बताते हुए समाधान का आश्वासन दिया। छात्र इस बात पर अड़े रहे कि वे अपनी बात सीधे कलेक्टर को ही बताएंगे।



Source link