Novak Djokovic vs Jannik Sinner: नोवाक जोकोविच ने शुक्रवार (30 जनवरी) को ऑस्ट्रेलियन ओपन में एक बार फिर समय को पीछे कर दिया. उन्होंने जानिक सिनर के खिलाफ पांच मैचों की हार का सिलसिला तोड़ते हुए पांच सेट के एक जबरदस्त सेमीफाइनल मैच में जीत हासिल की. इस जीत के साथ वह रिकॉर्ड 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब और ऑस्ट्रेलियन ओपन में 11वें खिताब से सिर्फ एक जीत दूर हैं. फाइनल में उनकी भिड़ंत रविवार (1 फरवरी) को दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी स्पेन के कार्लोस अल्काराज से होगी.
चार घंटे नौ मिनट तक चला मैच
पहले सेट में हार के बाद जोकोविच के लिए हाल की जानी-पहचानी कहानी दोहराए जाने का खतरा था. वह 2025 में सभी चार ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में हार गए थे. हालांकि, इस बार 38 साल के खिलाड़ी ने हार नहीं मानी और चार घंटे नौ मिनट के इस रोमांचक मैच में उन्होंने अपने सामने आए 18 ब्रेक पॉइंट्स में से 16 बचाए. रॉड लेवर एरिना में लाइट्स के नीचे जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए उन्होंने खुद को मैच में वापस खींचा और सिनर को एक रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में 3-6, 6-3, 4-6, 6-4, 6-4 से हरा दिया.
जोकिविच को याद आया 2012 का मैच
विंबलडन 2024 के बाद अपने पहले ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचे जोकोविच ने मैच के बाद कहा, ”सच कहूं तो अभी मेरे पास शब्द नहीं हैं. सच कहूं तो यह अवास्तविक लग रहा है. चार घंटे से ज्यादा खेलने के बाद लगभग 2 बजे हैं. 2012 की याद आ रही है जब मैंने फाइनल में राफा (राफेल नडाल) के साथ खेला था और वह लगभग छह घंटे चला थाय इंटेंसिटी का लेवल और टेनिस की क्वालिटी बहुत ज्यादा थी और मुझे पता था कि आज रात उसके (सिनर) खिलाफ जीतने का यही एकमात्र तरीका है. उन्होंने मेरे खिलाफ पिछले पांच मैच जीते थे.”
Novak Djokovic will face Carlos Alcaraz in the #AO26 Final after playing out this EPIC with Jannik Sinner@wwos @espn @tntsports @wowowtennis #AO26 pic.twitter.com/DLUdQdtFmd
— #AusOpen (@AustralianOpen) January 30, 2026
अब होगी जोरदार भिड़ंत
यह 2024 में फ्रेंच ओपन के बाद जोकोविच का पहला पांच-सेट वाला मैच था, जब उन्होंने फ्रांसिस्को सेरुंडोलो के खिलाफ जीत हासिल की थी. रविवार के फाइनल में जोकोविच का मुकाबला उनके प्रतिद्वंद्वी कार्लोस अल्काराज से होगा. अल्काराज ने इससे पहले ऑस्ट्रेलियन ओपन के इतिहास का सबसे लंबा सेमीफाइनल खेला. उन्होंने जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव के खिलाफ पांच घंटे और 27 मिनट तक चले मुकाबले में जीत हासिल की. जोकोविच और अल्काराज में एक और जोरदार भिड़ंत होने वाली है. इस पर पूरी दुनिया के टेनिस फैंस की नजरें होंगी.
ये भी पढ़ें: 5 घंटे 27 मिनट का ऐतिहासिक मैच…. वर्ल्ड नंबर-1 अल्काराज ने रचा इतिहास, जोरदार लड़ाई के बाद हारे ज्वेरेव
2023 यूएस ओपन के बाद से खिताब का इंतजार
जोकोविच ने 2023 में यूएस ओपन के बाद से कोई बड़ी ट्रॉफी नहीं जीती है. यह सूखा सिनर और अल्काराज के दबदबे से और बढ़ गया है. दोनों पिछले आठ ग्रैंड स्लैम खिताब आपस में बांटे हैं. इटैलियन और स्पैनियार्ड ने पिछले तीन ग्रैंड स्लैम फाइनल भी खेले थे, लेकिन जोकोविच ने शुक्रवार को उस कहानी को बदल दिया.