टीम इंडिया के ताबड़तोड़ सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इन दिनों बेहद ही खतरनाक फॉर्म में हैं.बीते साल भर में अभिषेक शर्मा ने अपनी धाकड़ बल्लेबाजी के दम पर दुनिया भर के गेंदबाजों को जमकर पीटा है. सामने कोई भी हो शर्मा बिना फिक्र किए लंबे-लंबे गगनचुंबी छक्के ठोकने की क्षमता रखते हैं. उन्होंने इस सीरीज में अभी तक जबरदस्त प्रदर्शन किया है. मौजूदा सीरीज में अभिषेक ने 2 अर्धशतक ठोके हैं. साथ ही तीसरे मुकाबले में वह सबसे तेज पचासा ठोकने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी भी बने थे. शर्मा विरोधी टीम के लिए बेहद ही खतरनाक है और गेंदबाजों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं हैं, लेकिन इसी बीच न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ने अभिषेक शर्मा के लिए एक खास तरह की रणनीति ढूंढ निकाली है.
मारा था क्लीन बोल्ड
गौरतलब है वाइजैग में खेले गए चौथे मुकाबले में मैट हेनरी ने अभिषेक शर्मा को गोल्डन डक पर आउट कर दिया था. उन्होंने मुकाबले की पहली ही गेंद पर अभिषेक को चलता कर माहौल बदल दिया था. उसके बाद शिवम दुबे के अलावा कोई भी खिलाड़ी नहीं चल सका और टीम इंडिया ये मुकाबला बुरी तरह से 50 रनों से हार गई थी. कल यानी 31 जनवरी को केरल के तिरुवनंतपुरम में सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला खेला जाएगा. देखना दिलचस्प होगा अभिषेक टी20 विश्व कप से पहले कुछ खास कर पाते हैं या नहीं.
‘उन पर दबाव बनाना’
पांचवें मुकाबले से पहले हेनरी ने कहा, ‘बीते 2 सालों में अभिषेक का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है इसमें कोई शक नहीं है. ना सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट में बल्कि वह आईपीएल में भी बेबाक होकर बड़ी-बड़ी पारियां खेलते हैं. उनके खेलने का अंदाज उन्हें सबसे अलग बनाता है. ऐसे में मुझे लगता है उनके ऊपर किसी भी तरह का दबाव बनाना हमारे लिए मुकाबले में पकड़ बनाने जैसा होगा.’
‘काफी चैलेंजिंग…’
हेनरी ने आगे कहा,’गेंदबाजों के नजरिए से देखें तो ये काफी चैलेंजिंग हो जाता है. लेकिन आप जब किसी ओवर में मिला-जुला प्रदर्शन करते हैं और उसके बाद कैसे वापसी करते हैं और किस तरीके से प्रभाव छोड़ते हैं ये काफी महत्वपूर्ण है. साथ ही सबकुछ इस बात पर निर्भर करता है कि आप किस लाइन लेंथ पर बॉलिंग कर रहे हैं. अगर आप सटीक लाइन लेंथ पर बॉलिंग करते हैं, तो चीजें आपके पक्ष में आती हैं. हमें वही करने की जरूरत होगी. ‘
ये भी पढ़ें: रोहित-विराट क्लब में होगी एंट्री, 33 रन बनाते ही सूर्यकुमार रचेंगे खास इतिहास, जानें पूरा मामला