Quinton De Kock Complete 12000 runs in T20 cricket: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी पूरी है. मंच सज चुका है. 7 फरवरी से इस मेगा इवेंट का आगाज होगा, जिसमें कुल 20 टीमों के खिलाड़ी उतरेंगे. इस इवेंट से पहले साउथ अफ्रीका के तूफानी ओपनर क्विंटन डी कॉक ने बड़ा धमाका किया है. उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 में 43 बॉल पर शतक ठोक ना सिर्फ टीम को जीत दिलाई बल्कि टी20 क्रिकेट में एक बड़ा मुकाम हासिल करके इतिहास रच दिया. डी कॉक ने 12000 रन पूरे कर लिए हैं और वो फाफ डु प्लेसिस के बाद अफ्रीका के लिए ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने हैं.
साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला सेंचुरियन में हुआ, जिसमें 222 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका के लिए क्विंटन डी कॉक ने 49 गेंदों में 10 छक्के और 6 चौके के साथ 115 रन बनाए. उनकी ताबड़तोड़ बैटिंग में 234.69 का स्ट्राइक रेट रहा. यह उनके करियर का दूसरा टी20 इंटरनेशनल शतक रहा.
10 छक्के क्यों रहे खास?
डी कॉक ने 115 रनों की पारी में 10 छक्के मारे, जो साउथ अफ्रीका के लिए एक पारी में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा हैं. नंबर एक पर रिचर्ड लेवी का नाम है, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2012 में 13 सिक्स लगाए थे. ये रिकॉर्ड आज तक नहीं टूटा है.
डी कॉक ने 8 शतक और 81 फिफ्टी जमाईं
साउथ अफ्रीका के लिए सबसे पहले जिस खिलाड़ी ने 12000 रन पूरे किए थे वो फाफ डु प्लेसिस थे, जिन्होंने अपने टी20 करियर के 431 मैचों की 407 पारियों में 32.80 के औसत से 12041 रन किए हैं. दूसरे नंबर पर अब डी कॉक का नाम है, जो अब तक 430 मैचों की 416 पारियों में 31.46 के औसत से 12113 रन बना चुके हैं. उनके नाम कुल 8 शतक और 81 फिफ्टी दर्ज हैं. इस लिस्ट में नंबर 3 पर डेविड मिलर हैं, जिन्होंने 550 मैचों में 11711 रन किए हैं.
17.3 ओवर में चेज कर दिए 222 रन
वेस्टइंडीज के खिलाफ सेंचुरियन में डी कॉक के बल्ले ने रनों की बारिश की. 222 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए टीम ने कप्तान एडन माकरम का विकेट 27 रनों पर खो दिया था. इसके बाद डी कॉक और रयान रिकेल्टन ने 162 रनों की साझेदारी की, जिसका नतीजा ये रहा कि अफ्रीका ने 17.3 ओवर में 222 रन चेज कर डाले. डी कॉक ने 10 छक्के और 4 चौके लगाकर 115 रन किए, जबकि रिकेल्टन ने 3 छक्के और 9 चौके लगाकर नाबाद 77 रन किए.
ये भी पढ़ें: 10 छक्के 6 चौके 115 रन…गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटा ये तूफानी ओपनर, T20 World Cup 2026 से पहले मचाई तबाही