दुबई. एलीट पैनल के अंपायर नितिन मेनन चौथी बार टी20 वर्ल्ड कप में अंपायरिंग करेंगे, जबकि भारतीय अंपायर अनंत पद्मनाभन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में सात फरवरी से शुरू होने वाले इस आईसीसी टूर्नामेंट में पहली बार अंपायरिंग करेंगे. आईसीसी एलीट पैनल में शामिल एकमात्र भारतीय मेनन इससे पहले 2021, 2022 और 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में अंपायरिंग कर चुके हैं. शुक्रवार को घोषित मैच अधिकारियों की लिस्ट में तीसरे भारतीय के तौर पर जे मदनगोपल का नाम भी है, जो अपने दूसरे टी20 वर्ल्ड कप में अंपायरिंग करेंगे.
टूर्नामेंट के पहले दिन ग्रुप सी में स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज के बीच मैच में मेनन और सैम नोगाज्स्की मैदानी अंपायर होंगे. इंदौर के मेनन 2024 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहले सेमीफाइनल में मैदानी अंपायरिंग टीम का हिस्सा थे, जबकि नोगाज्स्की ने पिछले चरण में चार ग्रुप मैचों में अंपायरिंग की थी, जिसमें भारत बनाम अमेरिका का मैच भी शामिल था.
टी20 वर्ल्ड कप ग्रुप स्टेज मुकाबलों के लिए अंपायरों का हुआ ऐलान.
मेनन फिलहाल भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही टी20 सीरीज में व्यस्त हैं और शनिवार को वह अपने करियर के 150वें इंटरनेशनल मैच (सभी फॉर्मेट मिलाकर) में अंपायरिंग करेंगे. वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय अंपायर बन जाएंगे. श्रीलंका में पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच सात फरवरी को होने वाले मैच में कुमार धर्मसेना और वेन नाइट्स मैदानी अंपायर होंगे. पूर्व ऑफ स्पिनर और 1996 में वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली श्रीलंकाई टीम के सदस्य रहे धर्मसेना टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 37 मैचों में अंपायरिंग कर चुके हैं, जिसमें 2016 और 2022 के फाइनल भी शामिल हैं.
न्यूजीलैंड के वेन नाइट्स के लिए यह पहला टी20 वर्ल्ड कप होगा और वह कोलंबो में ग्रुप ए के मैच में मैदानी अंपायर के तौर पर अपने 50 टी20 इंटरनेशनल मैच पूरे करेंगे. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने कहा है कि सुपर आठ और नॉकआउट चरण के लिए अंपायरों की घोषणा बाद में की जाएगी. इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा मैचों में अंपायरिंग करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के रॉडनी टकर के नाम है, जिन्होंने अब तक 46 मैचों में अंपायरिंग की है. वह टूर्नामेंट के दौरान अर्धशतक भी पूरा कर लेंगे.
वह इंग्लैंड बनाम नेपाल, भारत बनाम नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका बनाम संयुक्त अरब अमीरात के मैच में अंपायर होंगे. क्रिस गाफाने और रिचर्ड इलिंगवर्थ ने 2024 फाइनल में साथ में अंपायरिंग की थी और अब ये दोनों 11 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड के बीच ग्रुप बी मैच में फिर साथ नजर आएंगे. इलिंगवर्थ 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच ‘हाई वोल्टेज’ मैच में कुमार धर्मसेना के साथ मैदानी अंपायर होंगे. ग्रुप चरण में कुल 24 अधिकारी मैदानी अंपायर की भूमिका निभाएंगे, जिसमें रिचर्ड कैटलबरो, अहसन रजा, लैंगटन रूसेरे और एड्रियन होल्डस्टॉक भी शामिल हैं.
आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच अधिकारी: मैच रेफरी: डीन कॉस्कर, डेविड गिल्बर्ट, रंजन मदुगले, एंड्रयू पायक्रॉफ्ट, रिची रिचर्डसन और जवागल श्रीनाथ. अंपायर: रोलैंड ब्लैक, क्रिस ब्राउन, कुमार धर्मसेना, क्रिस गाफाने, एड्रियन होल्डस्टॉक, रिचर्ड इलिंगवर्थ, रिचर्ड कैटलबरो, वेन नाइट्स, डोनोवन कोच, जयरमन मदनगोपाल, नितिन मेनन, सैम नोगाज्स्की, केएनए पद्मनाभन, अल्लाहुद्दीन पालेकर, अहसन रजा, लेस्ली रीफर, पॉल रीफेल, लैंगटन रूसेरे, शारफुद्दौला इब्ने शाहिद, गाजी सोहेल, रॉडनी टकर, एलेक्स व्हार्फ, रवींद्र विमलासिरी और आसिफ याकूब.