T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 में न्यूजीलैंड के स्टार बॉलर एडम मिल्ने चोटिल होकर बाहर हो चुके हैं. उनकी जगह काइल जैमीसन को विश्व कप स्क्वाड में रखा गया है. अब एक 27 साल के तेज गेंदबाज को भी कीवी टीम में जगह मिली है, हालांकि वो रिजर्व प्लेयर के तौर पर स्क्वाड में शामिल किया गया है. 27 साल के इस खिलाड़ी को तभी मौका मिल सकता है जब कोई खिलाड़ी चोटिल होकर या किसी दूसरे कारण से विश्व कप से बाहर हो जाएगा. ये वही खिलाड़ी है, जिसने हाल में सुपर स्मैश में वेलिंगटन टीम के लिए कमाल की बॉलिंग करते हुए 9 मैचों में 15 विकेट निकाले थे. इस दमदार प्रदर्शन के चलते ही उसे ट्रैवलिंग रिजर्व के तौर पर वर्ल्ड कप 2026 के लिए कीवी टीम में अचानक शामिल किया गया है.
जिस खिलाड़ी की यहां बात हो रही है वो दाएं हाथ के तेज गेंदबाज बेन सियर्स हैं, जो भारत और श्रीलंका में 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप से पहले ब्लैक कैप्स टीम से जुड़ेंगे. इस खिलाड़ी की तारीफ में हेड कोच रॉब वॉल्टर ने कसीदे पढ़े हैं. उन्होंने कहा कि सियर्स टीम में चुने जाने के पूरी तरह हकदार हैं. सियर्स के क्रिकेट करियर की बात करें तो वो कीवी टीम के लिए 22 T20I मैचों में 23 विकेट ले चुके हैं.
कोच ने बेन सियर्स को लेकर क्या कहा?
रॉब वॉल्टर ने अपने बयान में बेन सियर्स को लेकर कहा, ‘बेन ने मैदान पर वापसी के लिए कड़ी मेहनत की है और उन्हें फिर से खेलते और अच्छा प्रदर्शन करते देखना शानदार रहा है. उन्होंने फायरबर्ड्स के लिए पूरा सुपर स्मैश सीजन खेला, जहां वह 9 मैचों में 15 विकेट लेकर राउंड-रॉबिन स्टेज के संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. भारत में हमारे साथ बेन का होना शानदार रहेगा और अगर वर्ल्ड कप के दौरान कोई खिलाड़ी चोटिल होता है तो वह तुरंत असर डालने के लिए तैयार रहेंगे.’
कब पहला मैच खेलेगा न्यूजीलैंड?
जानकारी के अनुसार, बेन सियर्स 5 फरवरी को अमेरिका (USA) के खिलाफ न्यूज़ीलैंड के वॉर्म-अप मैच से पहले टीम से जुड़ जाएंगे. कीवी टीम 8 फरवरी को अफगानिस्तान के खिलाफ पहला मैच खेलेगी. फिर उसे UAE, साउथ अफ्रीका और कनाडा के खिलाफ ग्रुप स्टेज के मैच खेलना है. इस बार कीवी टीम को मिचेल सैंटनर लीड कर रहे हैं. उनकी कप्तानी में यह टीम किस तरह का प्रदर्शन करेगी, यह देखना दिलचस्प होगा.
T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए न्यूजीलैंड की अपडेटेड टीम
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डैरिल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम सीफर्ट, इश सोढ़ी.
रिजर्व खिलाड़ी- बेन सियर्स
ये भी पढ़ें: T20 WC 2026: PAK ने बनाया खास प्लान, बाबर नहीं नंबर 3 पर खेलेगा ये बल्लेबाज, बोला- ‘मैं स्पिनर को अच्छा खेलता हूं’