Good News For Team India: टी20 विश्व कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है. इस मेगा इवेंट से ठीक पहले भारतीय टीम के लिए गुड न्यूज आई है, क्योंकि एक दो नहीं बल्कि 4 खिलाड़ी फिट होने की कगार पर हैं. सबकुछ सही है, बस उन्हें BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से जल्द ही फिटनेस क्लीयरेंस मिलना बाकी है. पहला नाम तिलक वर्मा का है, जिन्होंने चोट के चलते न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज मिस की है. अब वो पूरी तरह फिट हैं. वो 30 जनवरी यानी आज एक सिमुलेशन मैच में हिस्सा लेंगे, जिसके बाद उन्हें क्लीयर किया जा सकता है.
तिलक वर्मा को विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के दौरान राजकोट में अचानक पेट में दर्द हुआ था, जिसके बाद उनकी सर्जरी हुई थी. इस सर्जरी के बाद से ही वो CoE में ही ट्रेनिंग कर रहे हैं. पहले उम्मीद थी कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी दो T20I के लिए भारतीय टीम से जुड़ेंगे, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने उनके रिप्लेसमेंट श्रेयस अय्यर को ही स्क्वॉड के साथ बने रहने को कहा था, क्योंकि तिलक को लेकर मैनेजमेंट कोई रिस्क नहीं लेना चाहता था.
कब टीम इंडिया से जुड़ेंगे तिलक वर्मा?
ताजा रिपोर्ट के अनुसार BCCI का मानना है कि सिमुलेशन मैच के दौरान अगर तिलक वर्मा पूरी मैच फिटनेस हासिल कर लेते हैं, तो वह 3 फरवरी को मुंबई में भारतीय टीम से जुड़ेंगे. इससे पहले भारत के वर्ल्ड कप वॉर्म-अप मैच भी खेले जाएंगे.
रियान और मयंक को लेकर भी आया अपडेट
तिलक के अलावा फिट होने की कगार पर खड़े बाकी 3 खिलाड़ियों के नाम मयंक यादव, रियान पराग और वॉशिंगटन सुंदर हैं. तेज गेंदबाज मयंक लोअर बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं. उन्होंने दोबारा गेंदबाजी करने के लिए फिटनेस हासिल कर ली है. 1 साल से मैदान से दूर रहने वाले मयंक भारत A टीम के जरिए वापसी कर सकते हैं. वो T20 वर्ल्ड कप 2026 के वॉर्म-अप मैचों में भारत A के लिए खेलते नजर आ सकते हैं.
मैदान पर वापसी के लिए लगभग तैयार हो चुके मयंक यादव ने IPL 2024 में अपनी रफ्तार से सभी को हैरान कर दिया था. फिर उन्हें भारत की T20I टीम में मौका भी मिला, लेकिन चोट के चलते 2025 सीजन में वह सिर्फ 2 ही मुकाबले खेल सके थे. इसके बाद भी लखनऊ की टीम ने उन्हें IPL 2026 के लिए रिटेन किया है. रियान पराग को कंधे में चोट थी, जिसके चलते वो मैदान से बाहर रहे. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रियान को शुक्रवार के सिमुलेशन मैच के बाद क्लीयर किया जा सकता है.
वॉशिंगटन सुंदर को लेकर क्या है अपडेट?
वॉशिंगटन सुंदर को लेकर अपडेट ये है कि वो अभी तक कोई सिमुलेशन मैच नहीं खेले हैं. उनके लिए जल्द ही ऐसा मैच शेड्यूल किया जा सकता है. सुंदर 11 जनवरी 2025 को वडोदरा में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में अचानक मैदान से बाहर हो गए थे. उन्हें लोअर रिब एरिया में तेज दर्द की शिकायत थी. इस चोट के चलते वो बाकी वनडे मैच नहीं खेल पाए. फिर टी20 सीरीज से भी बाहर हो गए. वो BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे थे और तेजी से रिकवरी की है. वो पूरी तरह से फिट बताए जा रहे हैं. अब देखना होगा कि ये खिलाड़ी कब तक मैदान पर वापसी कर सकता है.
ये भी पढ़ें: विराट कोहली का अचानक इंस्टाग्राम से अकाउंट हुआ गायब, सोशल मीडिया पर मच गई खलबली