आगर मालवा में मिनी ट्रेन चोरी की शिकायत: रेलवे लाइन नहीं, चौकीदार को शराब पिलाकर ले जाने का आरोप – Agar Malwa News

आगर मालवा में मिनी ट्रेन चोरी की शिकायत:  रेलवे लाइन नहीं, चौकीदार को शराब पिलाकर ले जाने का आरोप – Agar Malwa News




आगर मालवा जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां कोतवाली थाने में एक व्यक्ति ने अपनी मिनी ट्रेन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। खास बात यह है कि जिले में अभी तक कोई रेलवे लाइन नहीं है, जिसके कारण यह घटना चर्चा का विषय बन गई है। शिकायतकर्ता जाकिर खान (पिता हाजी उस्मान), निवासी आगर मालवा, शनिवार सुबह कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि जनवरी माह में गोरीबाग क्षेत्र में लगे मेले में बच्चों को घुमाने वाली उनकी मिनी झूला ट्रेन चोरी हो गई है। जाकिर खान के अनुसार, मेला खत्म होने के बाद वह ग्वालियर में एक अन्य मेले में चले गए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी ट्रेन की देखरेख के लिए एक चौकीदार को वहां छोड़ा था। फरियादी का आरोप है कि गुरुवार रात कुछ अज्ञात लोगों ने चौकीदार को शराब पिलाई और फिर पूरी मिनी ट्रेन चुराकर ले गए। जाकिर खान ने पुलिस को बताया कि उनकी मिनी ट्रेन की अनुमानित कीमत 7 से 8 लाख रुपये है। यह ट्रेन उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। उन्होंने कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय से जल्द से जल्द ट्रेन बरामद करने की मांग की है। “ट्रेन चोरी” का यह मामला स्थानीय लोगों के बीच चर्चा और हैरानी का विषय बन गया है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



Source link