उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर बिरसिंहपुर पाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस को शुक्रवार रात लगभग 2 बजे रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि शव अत्यंत क्षत-विक्षत अवस्था में था। प्रारंभिक आशंका है कि मृतक की ट्रेन से टक्कर हुई है, जिसके कारण शव के कई अंग अलग-अलग हो गए थे। पुलिस के अनुसार, शव की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। बिरसिंहपुर पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने शनिवार को बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पहचान होते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link