छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक से दिया यातायात सुरक्षा संदेश: पीतांबरा चौराहे पर लोगों को जागरूक किया, जल्दबाजी से बचने की अपील – datia News

छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक से दिया यातायात सुरक्षा संदेश:  पीतांबरा चौराहे पर लोगों को जागरूक किया, जल्दबाजी से बचने की अपील – datia News




सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को दतिया जिले के पीतांबरा चौराहे पर हंस वाहनी विद्या निकेतन स्कूल के छात्र छात्राओं द्वारा यातायात पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नाटक के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने लोगों को सड़क सुरक्षा, हेलमेट, सीट बेल्ट और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व को सरल लेकिन प्रभावशाली अंदाज में समझाया। नुक्कड़ नाटक के दौरान छात्राओं ने कहा “सुनो, सुनो, सुनो… आज हम आपको सिर्फ पांच मिनट देने आए हैं, ताकि आपकी पूरी जिंदगी बच सके। सवाल सिर्फ इतना है कि आप पांच मिनट देर से घर पहुंचना चाहते हैं या 50 साल पहले मर जाना चाहते हैं।” इन संवादों ने राहगीरों को सोचने पर मजबूर कर दिया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जल्दबाजी नहीं, बल्कि सुरक्षित ड्राइविंग ही जीवन की असली जरूरत है। छात्राओं ने “सेव टाइम, सेव ड्राइव” और “जीवन अमूल्य है” जैसे संदेशों के साथ लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान युवा भाजपा नेता संघर्ष यादव सहित यातायात पुलिस अधिकारी, राहगीर एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। राह चलते लोग रुककर नाटक देखते नजर आए और संदेश की सराहना की। बताया गया कि सड़क सुरक्षा माह को लेकर जिले भर में पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। चालानी कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जिले के प्रत्येक थाने की पुलिस अपने-अपने क्षेत्र में नवाचार के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दे रही है। थरेट थाना पुलिस द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे रेडियम लगाए गए हैं, जिससे रात के समय दुर्घटनाओं को रोका जा सके। वहीं दतिया एसडीओपी आकांक्षा जैन ने समाजसेवियों के सहयोग से बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोगों को मौके पर हेलमेट भेंट कर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया। यातायात थाना प्रभारी सपना शर्मा का कहना है कि सड़क हादसों में कमी लाने के लिए जनसहयोग और जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है, इसी उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।



Source link