बालाघाट में शनिवार देर शाम विधायक अनुभा मुंजारे महिलाओं के साथ भटेरा शराब दुकान पहुंचीं। उन्होंने दुकान के सामने अहाते जैसी व्यवस्था देखी, जहां लोग बैठकर शराब पी रहे थे। विधायक के पहुंचते ही शराब पी रहे लोगों में भगदड़ मच गई। इस दौरान विधायक ने उन्हें नशे के दुष्परिणाम बताते हुए दूर रहने को कहा। विधायक मुंजारे को लंबे समय से वार्ड की शराब दुकान को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। मौके पर शराबखोरी देखकर वह नाराज हो गईं। उन्होंने तत्काल आबकारी अधिकारी को फोन कर इंस्पेक्टर को भेजने को कहा। विधायक के पहुंचने की खबर मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी स्वयं शराब दुकान पहुंचे। उन्होंने भी व्यवस्था पर नाराजगी जताई। थाना प्रभारी ने दुकानदार को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि गलती करने पर अब कोई रियायत नहीं बरती जाएगी। थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया कि वे शराब दुकान को हटाने के लिए प्रशासन को पत्र लिखेंगे। उन्होंने दुकानदार को यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस कभी भी दुकान की जांच करने आ सकती है। सदन में उठाएंगी मुद्दा विधायक अनुभा मुंजारे ने शराब दुकान के सामने अहाते की तरह शराब पिलाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इससे कानून का मखौल उड़ाया जा रहा है और आसपास के परिवार, खासकर महिलाएं परेशान हैं। उन्होंने दुकान को स्थानांतरित करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि दुकान नहीं हटाई गई तो वह इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएंगी।
Source link