बुरहानपुर में मतदाता सूची फॉर्म-7 पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन: फर्जी आपत्तियों का आरोप, कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग – Burhanpur (MP) News

बुरहानपुर में मतदाता सूची फॉर्म-7 पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन:  फर्जी आपत्तियों का आरोप, कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग – Burhanpur (MP) News




बुरहानपुर में जिला कांग्रेस कमेटी शहर ने शनिवार को मतदाता सूची में फॉर्म 7 की आपत्तियों को लेकर कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने फर्जी तरीके से आपत्तियां दर्ज कराने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रिंकू टाक ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक तत्वों द्वारा बड़ी संख्या में एक जैसे आधार पर मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि हर वार्ड में 600 से 700 आपत्तियां लगाई गई हैं। टाक ने कहा कि फर्जी तरीके से शिकायत करने पर एक साल की सजा का प्रावधान है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीएलओ द्वारा भौतिक सत्यापन किए बिना केवल आपत्तिकर्ता की उपस्थिति में रिपोर्ट तैयार की गई और अनेक प्रकरणों में आवश्यक क्रॉस वेरिफिकेशन नहीं किया गया। वास्तविक स्थिति के आंकड़ों में अंतर
कांग्रेस ने यह भी बताया कि आपत्तियों का दैनिक प्रकाशन और पोर्टल अपडेट नियमानुसार नहीं किया जा रहा है। प्राप्त रिपोर्टों और वास्तविक स्थिति के आंकड़ों में गंभीर अंतर पाया गया है, जिससे मतदाता सूची की पवित्रता प्रभावित हो रही है। कांग्रेस का मानना है कि ऐसी गतिविधियां लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सीधा आघात हैं और वास्तविक मतदाताओं के संवैधानिक अधिकार छीनने का प्रयास करती हैं। इस दौरान पूर्व विधायक हमीद काजी, पूर्व विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह शेरा भैया, सलीम कॉटनवाला, शेख रूस्तम और वार्ड पार्षद सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद थे। कांग्रेस ने अपनी मांगों में एसआईआर प्रक्रिया की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने, फर्जी आपत्तियां लगाने वाले तत्वों तथा बिना सत्यापन कार्य करने वाले बीएलओ और ईआरओ के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने गलत तरीके से हटाए गए मतदाताओं के नाम तत्काल फिर से जोड़ने और ऐसी अनियमितताओं को रोकने के निर्देश जारी करने की भी मांग की। कांग्रेस पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करेंगे।



Source link