बैतूल में विकसित भारत रोजगार मिशन पर भाजपा की कार्यशाला: प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल बोले- मनरेगा पर कांग्रेस फैला रही झूठ, संशोधन और भुगतान ब्याज पर भ्रम – Betul News

बैतूल में विकसित भारत रोजगार मिशन पर भाजपा की कार्यशाला:  प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल बोले- मनरेगा पर कांग्रेस फैला रही झूठ, संशोधन और भुगतान ब्याज पर भ्रम – Betul News




बैतूल में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण अधिनियम 2025 के तहत जिला भाजपा कार्यालय विजय भवन में एक जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, संभागीय संगठन प्रभारी कांतदेव सिंह और जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मनरेगा में हुए संशोधन को लेकर कांग्रेस समाज में झूठ फैला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम (नरेगा) का नाम पहले कांग्रेस ने ही बदलकर मनरेगा किया था। खंडेलवाल ने यह भी कहा कि महात्मा गांधी के विचारों का कांग्रेस ने कभी सम्मान नहीं किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत के उनके संकल्प को साकार किया जा रहा है। कहा- श्रम आसानी से उपलब्ध हो सकेगा
खंडेलवाल ने आगे कहा कि कांग्रेस के दौर में विदेशी वस्तुओं को बढ़ावा मिलता था, लेकिन आज खादी और स्वदेशी को सम्मान मिल रहा है। उन्होंने ‘वीबीजी राम जी’ (विकसित भारत के लिए विकसित गांव) अभियान का जिक्र करते हुए बताया कि यह गांधीजी के विचारों पर आधारित है, जिसमें गांव की जरूरतों के हिसाब से पंचायतें अपने कामों का निर्णय लेंगी। उन्होंने बताया कि ‘वीबीजी राम जी’ योजना में न केवल बेरोजगारी भत्ता मिलेगा, बल्कि भुगतान में देरी होने पर सरकार ब्याज भी चुकाएगी। इससे कृषि कार्यों के लिए भी श्रम आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। कांग्रेस केवल भ्रम फैला रही
केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा पहले राज्यों की भागीदारी कम होने के कारण कांग्रेस के सत्ताधीश केवल बंदरबांट में खुश थे और अब वे भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। संभागीय संगठन प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह ने कहा कि इस अभियान के तहत रोजगार के साथ-साथ स्थायी निर्माण, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के कार्य भी किए जाएंगे। जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण के लिए यह अभियान विकास खंड से लेकर ग्राम चौपाल तक चलेगा। जिससे हर निर्माण की प्रशासनिक निगरानी सहज होगी और भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी। कार्यशाला को जिला महामंत्री एवं अभियान के जिला संयोजक कृष्णा गायकी ने अभियान के तहत चलने वाले महत्वपूर्ण कार्यक्रमो जो विकास खंड से लेकर ग्राम चौपाल तक होने की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री कमलेश सिंह ने एवं अंत में आभार किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं अभियान के सह संयोजक महेश्वर सिंह चंदेल ने व्यक्त किया। इस कार्यशाला में विधायक महेन्द्र सिंह चौहान, चंद्रशेखर देशमुख, डा.योगेश पंडाग्रे, गंगा उइके, जिलापंचायत अध्यक्ष राजा पंवार, पूर्व जिलाध्यक्ष वसंत बाबा माकोडे, पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष विनय भावसार , पूर्व नपाध्यक्ष एवं बैंक के पूर्व संचालक अनिल सिंह ठाकुर मंचासीन रहे। एक दिवसीय कार्यशाला में जिला पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष ,उपाध्यक्ष, किसान मोर्चा जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पूर्व सहाकरी बैंक के संचालक, सदस्य, सहकारी समितियों के सदस्य, जलाशय समिति के सदस्य, कृषि उपज मंडीयों के पूर्व अध्यक्ष उपाध्यक्ष एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।



Source link