चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के एक ऑलराउंडर अमन खान ने रणजी ट्रॉफी में तहलका मचा दिया है. पुदुचेरी और राजस्थान के बीच रणजी ट्रॉफी 2025-26 का एलीट ग्रुप-D मैच पुदुचेरी में जारी है. इस मैच में अमन खान ने पुदुचेरी के लिए पहली पारी में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए तबाही मचाकर रख दी और राजस्थान के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी.
CSK के इस खिलाड़ी ने बल्ले से मचाई भयंकर तबाही
अमन खान ने पुदुचेरी के लिए पहली पारी में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए केवल 87 गेंदों पर 118 रन ठोक दिए. अमन खान ने इस दौरान 135.63 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 9 चौके और 10 छक्के उड़ाए. अमन खान की पारी के दम पर पुदुचेरी ने राजस्थान के खिलाफ पहली पारी में 349 रन बनाए. पुदुचेरी की टीम फिलहाल इस मैच में राजस्थान से 104 रन आगे चल रही है.
कौन हैं अमन खान?
अमन खान मुंबई के एक दमदार ऑलराउंडर हैं, जिन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2026 की नीलामी में 40 लाख रुपये में खरीदा है. अमन खान की लेट-ऑर्डर में पावर-हिटिंग और उपयोगी मीडियम पेस गेंदबाजी का कॉम्बिनेशन CSK के बहुत काम आएगा. 2026 के IPL ऑक्शन में, CSK ने अमन खान के लिए बोली लगाई और पंजाब किंग्स की थोड़ी दिलचस्पी के बावजूद, उन्हें 40 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीद लिया.
फिनिशर के तौर पर अपनी पहचान बनाई
23 नवंबर 1996 को मुंबई में जन्मे अमन खान एक दाएं हाथ के मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज और दाएं हाथ के मीडियम पेसर हैं, जिन्हें ऑलराउंडर माना जाता है. अमन खान ने 2021 में विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए लिस्ट ए में डेब्यू किया और बाद में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में T20 डेब्यू किया, और धीरे-धीरे घरेलू क्रिकेट में एक फिनिशर के तौर पर अपनी पहचान बनाई.
अमन खान क्यों हैं बेहद खास?
CSK का थिंक-टैंक अमन को एक वर्सेटाइल मिडिल-ऑर्डर ऑप्शन के तौर पर देख रहा है, जो नंबर 5-7 पर खेल सकता है, आखिर में तेजी से रन बना सकता है और अगर हालात सही रहे तो कुछ ओवर गेंदबाजी भी कर सकता है. चेन्नई की पिच पर जो स्मार्ट बैटिंग और पेस में बदलाव वाली बॉलिंग को सपोर्ट करती है, गेम की सिचुएशन के हिसाब से ढलने की अमन की काबिलियत उन्हें इस सीजन में स्क्वाड प्लेयर से एक इम्पैक्टफुल ऑलराउंडर बना सकती है.