नई दिल्ली: साउथ अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज डेविड मिलर को टी20 वर्ल्ड कप के लिए मेडिकल क्लियरेंस मिल गई है. मिलर को SA20 टूर्नामेंट के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था, लेकिन अब वह रविवार को साउथ अफ्रीकी टीम के साथ मुंबई के लिए रवाना होंगे. क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने बताया कि, “प्रोटियाज मेन्स के बल्लेबाज डेविड मिलर को अगले महीने भारत और श्रीलंका में होने वाले आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए मेडिकल क्लियरेंस मिल गई है.”
CSA ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “मिलर ने इस हफ्ते फिटनेस टेस्ट पास किया, जो उन्होंने SA20 में पार्ल रॉयल्स के लिए खेलते हुए एडडक्टर मसल स्ट्रेन के बाद दिया था. वह रविवार को टीम के साथ OR टैम्बो इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जोहान्सबर्ग से मुंबई के लिए रवाना होंगे.”
ग्रुप डी में है साउथ अफ्रीका की टीम
पिछले बार की रनर अप साउथ अफ्रीका की टीम इस बार ग्रुप डी में है. साउथ अफ्रीका के साथ इस ग्रुप में न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात भी शामिल है. साउथ अफ्रीका 4 फरवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत के खिलाफ वार्म-अप मैच खेलेगी. इसके बाद उसे 9 फरवरी को अहमदाबाद में कनाडा के खिलाफ टूर्नामेंट का पहला मैच खेलना है. साउथ अफ्रीका के पहले दो मैच अहमदाबाद में अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ भी होंगे. ग्रुप का आखिरी मैच दिल्ली में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ है.
साउथ अफ्रीका ने हाल ही में रयान रिकेल्टन और ट्रिस्टन स्टब्स को अपनी टीम में शामिल किया है, क्योंकि टोनी डी जोरजी और डोनोवन फरेरा को हैमस्ट्रिंग और कंधे की चोट के कारण बाहर कर दिया गया है. तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी भी SA20 के दौरान पैर की चोट से जूझ रहे हैं, लेकिन उम्मीद है कि वह टी20 वर्ल्ड कप तक फिट हो जाएंगे.
साउथ अफ्रीका की टीम: एडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, टोनी डी जोरजी, डेवॉल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवन फरेरा, मार्को जानसन, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, क्वेना माफाका, लुंगी एनगिडी, जेसन स्मिथ, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, एनरिच नॉर्खिया.