बुलावायो. पांच बार की चैंपियन भारत की टीम रविवार को आईसीसी मेंस अंडर-19 वर्ल्ड कप के सुपर सिक्स मैच में अपने पुराने प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से एशिया कप फाइनल में मिली हार का बदला लेने की कोशिश करेगी. भारत पिछले साल 21 दिसंबर को दुबई में हुए अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान से 191 रन से हार गया था, जबकि 14 दिसंबर को इसी टूर्नामेंट के ग्रुप मैच में भारत ने पाकिस्तान को 90 रन से हराया था. पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत पाकिस्तान के साथ ‘हाथ नहीं मिलाने की नीति’ भी जारी रख सकता है.
भारतीय अंडर-19 टीम ने एशिया कप फाइनल के बाद पाकिस्तान से हाथ मिलाने से परहेज किया था, और ग्रुप मैच में भी ऐसा ही किया था. रविवार को आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली भारतीय टीम उस हार का बदला लेने के लिए तैयार है. किसी भी मैच से पहले सचिन तेंदुलकर से वर्चुअल मोटिवेशन मिलना किसी सपने के सच होने जैसा है और भारतीय खिलाड़ियों को इस महान खिलाड़ी से कुछ जरूरी सलाह मिली.
भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को अंडर 19 वर्ल्ड कप में मुकाबला खेला जाएगा.
सचिन तेंदुलकर के साथ वर्चुअल बातचीत की
बीसीसीआई ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘मौजूदा अंडर-19 वर्ल्ड कप में खेल रही भारत की अंडर-19 टीम ने सचिन तेंदुलकर के साथ वर्चुअल बातचीत की.’ बीसीसीआई ने लिखा, ‘यह बहुत खास अनुभव था जिसमें अगली पीढ़ी को बदलते खेल में सफल होने और लंबे समय तक टिके रहने के लिए जरूरी बातें सीखने को मिलीं, जो सिर्फ तकनीकी स्किल और फिटनेस तक सीमित नहीं हैं, बल्कि फोकस, अनुशासन, विनम्रता और सफलता से जुड़े रहने की अहमियत भी है.’ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख और टूर्नामेंट में सहयोगी स्टाफ के हेड वीवीएस लक्ष्मण ने कहा, ‘आपके अनुभवों और नजरिए का बहुत असर हुआ. खिलाड़ी साफ तौर पर मोटिवेटेड दिख रहे हैं. ये सीख वो हमेशा याद रखेंगे और इसके लिए बहुत शुक्रगुजार हैं.’
अंडर-19 वर्ल्ड कप में अब तक भारत ने शानदार खेल दिखाया है
अंडर-19 वर्ल्ड कप में अब तक भारत ने शानदार खेल दिखाया है. टीम ने अमेरिका पर छह विकेट से जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की और फिर ग्रुप में बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को हराया. भारत ने अपने पहले सुपर सिक्स मैच में 27 जनवरी को जिम्बाब्वे को 204 रन से हराकर जीत का सिलसिला जारी रखा. पाकिस्तान के खिलाफ भारत का अगला मैच एक मजबूत टीम के खिलाफ है और एशिया कप फाइनल में मिली बड़ी हार म्हात्रे की टीम को परेशान कर सकती है. विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू (चार मैच में 183 रन) और वैभव सूर्यवंशी (चार मैच में 166 रन) लगातार अच्छा खेल रहे हैं. दोनों ने दो-दो अर्धशतक लगाए हैं लेकिन अब वे इन्हें शतक में बदलना चाहेंगे.
इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
विहान मल्होत्रा (चार मैच में 151 रन) से भी भारत को उम्मीदें हैं. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पिछले मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 109 रन बनाए थे और अपनी फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे. गेंदबाजी में दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हेनिल पटेल (चार मैच में 10 विकेट) और जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछले मैच में तीन विकेट लेने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज उद्धव मोहन ने भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है. कप्तान म्हात्रे ने भी जिम्बाब्वे के खिलाफ अपनी ऑफ ब्रेक गेंदबाजी से तीन विकेट लिए, जबकि दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आरएस अमरीश भी विकेट लेने वालों में शामिल रहे. दूसरी तरफ पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला ग्रुप मैच गंवाया था लेकिन स्कॉटलैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ अगले दो मैच जीत लिए.
पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराया
पाकिस्तान ने 27 जनवरी को अपने सुपर सिक्स मैच में न्यूजीलैंड को आठ विकेट से हराया और भारत के खिलाफ मैच से पहले आत्मविश्वास हासिल किया. अंडर-19 एशिया कप फाइनल में शानदार 172 रन बनाने वाले ओपनर समीर मिन्हास इस टूर्नामेंट में भी अच्छी फॉर्म में हैं. उन्होंने ग्रुप मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 74 रन बनाए और सुपर सिक्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ 76 रन की पारी खेली. मिन्हास फिर से भारत के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं. गेंदबाजी में दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अली रजा चार मैच में 12 विकेट ले चुके हैं और भारतीय बल्लेबाजों को उनसे निपटने की तैयारी करनी होगी. दाएं हाथ के एक और तेज गेंदबाज अब्दुल सुभान ने भी चार मैच में 10 विकेट लिए हैं.
टीमें इस प्रकार हैं: भारत: आरोन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, हरवंश पंगालिया, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, दीपेश देवेंद्रन, हेनिल पटेल, मोहम्मद एनान, उद्धव मोहन और किशन सिंह.
पाकिस्तान: फरहान यूसुफ (कप्तान), उस्मान खान, अली हसन बलूच, हमजा जहूर, हुजैफा अहसान, मोहम्मद शायन, समीर मिन्हास, अहमद हुसैन, अब्दुल सुभान, अली रजा, दानियाल अली खान, मोहम्मद सैयाम, मोमिन कमर, नकाब शफीक, उमर जैब.