गुना. शहर में चोरी और अपराध की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं. ताजा मामला श्रीराम कॉलोनी का है, जहां आधी रात को एक चोर घर में घुस गया और चोरी की कोशिश करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. यह वारदात सिर्फ चोरी तक सीमित नहीं रही, बल्कि विरोध करने पर पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई. घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है और लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस मामले में पुलिस जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज इस मामले में बड़ा सबूत बनकर सामने आया है.
इस मामले में खास बात यह है कि आरोपी कोई बाहरी नहीं, बल्कि पीड़ित का ही पड़ोसी बताया जा रहा है. पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरी की शिकायत करना उनके लिए और भी खतरनाक हो गया, क्योंकि रिपोर्ट करने पर आरोपी पक्ष ने खुलेआम धमकियां दीं. सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद भी आरोपी बेखौफ नजर आ रहा है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन पीड़ित परिवार अब भी भय के साए में जी रहा है.
गुना पुलिस चोरी की घटना की जांच कर रही है. इसमें पड़ोस में रहने वाले शख्स का नाम ही सामने आ रहा है. पीड़ित रंजीत अहिरवार के अनुसार आरोपी उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है.
आधी रात घर में घुसा आरोपी
पीड़ित रंजीत अहिरवार के अनुसार घटना बीती रात करीब 2 बजे की है. उस समय परिवार सो रहा था. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला संजीव अहिरवार चुपचाप घर में घुस आया. आरोपी ने घर में रखा कूलर और साइकिल बाहर निकाल ली. जब वह सामान लेकर जा रहा था, तभी रंजीत की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचाया.
नींद खुलते ही भागा चोर
रंजीत के जागते ही आरोपी घबरा गया और चोरी का सामान वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया. पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में आरोपी को घर में घुसते, सामान उठाते और भागते हुए साफ देखा जा सकता है. पीड़ित का कहना है कि यह फुटेज चोरी की कोशिश का पुख्ता सबूत है.
सीसीटीवी फुटेज बना अहम सबूत
सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में आरोपी की पहचान स्पष्ट रूप से हो रही है. फुटेज में न केवल चोरी का प्रयास, बल्कि आरोपी की हरकतें और भागने का रास्ता भी दिखाई दे रहा है. पीड़ित परिवार ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दी है. पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.
रिपोर्ट करने पर दी गई जान से मारने की धमकी
मामला यहीं खत्म नहीं हुआ. पीड़ित रंजीत अहिरवार जब सुबह सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहे थे, तभी आरोपी के साथियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया. आरोपियों ने समझौता करने का दबाव बनाया और रिपोर्ट न करने की चेतावनी दी. पीड़ित के इंकार करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई.
परिवार में दहशत का माहौल
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है. घर पर उसके वृद्ध पिता, पत्नी और छोटे बच्चे अकेले रहते हैं. ऐसे में धमकी मिलने के बाद पूरा परिवार डर के साए में जी रहा है. परिवार को आशंका है कि आरोपी किसी भी समय दोबारा वारदात कर सकता है.