कटनी पुलिस ने गैस गोदामों में सेंध लगाकर सिलेंडर चुराने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह को पकड़ लिया। पुलिस ने इस मामले में 5 चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में गैस सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किए गए हैं। बिलहरी गैस गोदाम की चोरी से खुला राज डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा ने रविवार शाम मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 17 जनवरी 2026 की रात बिलहरी स्थित भारत गैस गोदाम से 44 सिलेंडर चोरी हुए थे। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस की टीमें लगातार चोरों की तलाश में जुटी थीं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कन्हवारा-विजयराघवगढ़ रोड पर एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी को घेराबंदी कर रोका। वाहन चला रहे सन्नी दाहिया से जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की कई वारदातें कबूल कर लीं। 57 सिलेंडर और पिकअप वाहन बरामद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अब तक कुल 57 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। इनमें भारत गैस के 24, इंडेन के 28 और एचपी के 3 सिलेंडर शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल होने वाली एक पिकअप और एक पल्सर बाइक भी जब्त की है। बरामद किए गए कुल सामान की कीमत करीब 14 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपियों ने बताया कि वे बिलहरी के अलावा बड़वारा और एनकेजे क्षेत्र के गोदामों को भी निशाना बना चुके हैं। रिमांड पर चोर, अभी 47 सिलेंडरों की तलाश बाकी गिरफ्तार आरोपियों में सन्नी दाहिया, मनोज उर्फ रोहित यादव, संदीप काछी, सलोक कुशवाहा और जयदेव पटेल शामिल हैं। वहीं, चोरी के सिलेंडर खरीदने वाले कबाड़ी नासिर हुसैन को भी पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह से अभी 47 और सिलेंडरों की रिकवरी होनी बाकी है, जिसके लिए आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
Source link