चने की फसल पर संकट के बादल: धार के बरमंडल में झमाझम बारिश; किसान बोले- पानी ज्यादा गिरा तो हो जाएगा नुकसान – Dhar News

चने की फसल पर संकट के बादल:  धार के बरमंडल में झमाझम बारिश; किसान बोले- पानी ज्यादा गिरा तो हो जाएगा नुकसान – Dhar News




धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम बरमंडल में रविवार सुबह जोरदार बारिश हुई। इससे मौसम में अचानक ठंडक आ गई है और किसानों की चिंता बढ़ गई है। शनिवार को यहां दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए थे, वहीं रविवार सुबह हुई तेज बारिश ने फसलों के लिए खतरा पैदा कर दिया है। बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। हालांकि, गेहूं की फसल को अभी कुछ हद तक सुरक्षित माना जा रहा है, लेकिन चने की फसल पर मौसम का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिख रहा है। किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह बादल और बारिश का दौर जारी रहा, तो चने की फसल को भारी नुकसान हो सकता है। वहीं, अधिक बारिश होने की स्थिति में गेहूं की फसल भी गिरने और खराब होने का खतरा बना हुआ है। ‘बारिश तेज हुई तो भारी नुकसान होगा’ किसान सुरेश चौहान ने बताया, “अचानक बदले मौसम से किसान असमंजस में हैं। खेतों में नमी बढ़ने से चने की फसल प्रभावित हो रही है। यदि बारिश तेज हुई तो चने की फसल को भारी नुकसान हो सकता है।” चौहान ने प्रशासन से मौसम को देखते हुए किसानों के हित में आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। रात का तापमान बढ़ा जिले में मौसम के साथ तापमान में भी उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस था, जो रविवार को बढ़कर 15.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। लगातार बदलते मौसम के कारण किसान और आमजन दोनों ही सतर्कता बरत रहे हैं।



Source link