रीवा शहर के ढेकहा क्षेत्र में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब दो युवतियों ने नशे में हंगामा किया। युवतियों ने सड़क पर हंगामा करते हुए राहगीरों से अभद्रता की और खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ करने की कोशिश की। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा। घटना रविवार रात की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवतियां नशे की हालत में तेज आवाज में चिल्ला रही थीं और इधर-उधर भागते हुए वाहनों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही थी। कुछ कारों और दोपहिया वाहनों पर उसने हाथ-पैर मारकर तोड़फोड़ का प्रयास किया, हालांकि समय रहते लोगों ने गाड़ियों को वहां से हटा लिया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने डायल 100 और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने तक युवतियां सड़क पर हंगामा करती रही और आसपास के लोगों से उलझती रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवतियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार पुलिसकर्मियों से भी बहस करती नजर आई। उधर युवतियों का कहना है कि उन्हें एक लड़के ने मिलने के लिए बुलाया था और उसी ने शराब पिला दी। जिसके बाद वहीं लड़का दोनों लड़कियों के मोबाइल लेकर फरार भी हो गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने काबू पाया। दोनों को समझाइश के बाद घर छुड़वाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ढेकहा क्षेत्र में इस तरह की घटना पहली बार हुई है, जिससे महिलाएं और बुजुर्ग खासे डरे हुए नजर आए। लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल उनके घर वाले परेशान न हो इसलिए उन्हें घर भिजवा दिया गया है।
Source link