Last Updated:
Jasprit Bumrah conceded 58 runs: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी20 मैच में एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. जसप्रीत बुमराह ने अपने चार ओवर के स्पेल में 58 रन खर्च कर डाले और उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला. टी20 करियर में बुमराह ने सबसे महंगा स्पेल डालने का रिकॉर्ड बनाया.
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमहार को मॉर्डन डे क्रिकेट का यॉर्कर किंग कहा जाता है. अपनी खतरनाक एक्शन और घातक गेंदबाजी से बुमराह बल्लेबाजों के लिए काल माने जाते हैं. पिछले कुछ सालों से टीम इंडिया के इस गेंदबाज का दबदबा रहा है, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में उनके करियर पर एक ऐसा दाग लगा, जिसे वह कभी याद नहीं रखना चाहेंगे.
वैसे तो जसप्रीत बुमराह के खिलाफ दुनिया के किसी भी बल्लेबाज के लिए रन बनाना आसान काम नहीं होता है, लेकिन त्रिवेंद्रम में खेले गए आखिरी टी20 में बुमराह ने अपने चार ओवर के स्पेल में कुल 58 रन लुटा दिए. टी20 करियर में बुमराह का यह सबसे महंगा स्पेल है. इससे पहले उन्होंने साल 2021 आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 4 ओवर में 56 रन खर्च किए थे. इस स्पेल में उन्हें एक विकेट भी मिला था.
अर्शदीप सिंह भी रहे महंगे
सिर्फ जसप्रीत बुमराह ही नहीं, टीम इंडिया के लिए अर्शदीप सिंह भी काफी महंगे रहे. अर्शदीप सिंह ने हालांकि, मैच में पांच विकेट भी अपने नाम किए, लेकिन शुरू के दो ओवरों में उनकी जमकर पिटाई हुई. अर्शदीप सिंह ने टीम इंडिया के लिए इस मैच में 4 ओवर में 51 रन लुटा दिए. एक समय ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड की टीम इस टारेगट को हासिल कर लेगी, लेकिन आखिर में गेंदबाजों ने दमदार वापसी करते हुए टीम इंडिया को जीत दिलाई.
टीम इंडिया ने 46 रन से जीता मैच
मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. मैच में टीम इंडिया ने ईशान किशन की 103 रनों की शतकीय पारी से निर्धारित 20 ओवर के खेल में 271 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. इस स्कोर के जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19.4 ओवर में 225 रन बनाकर सिमट गई. इस तरह टीम इंडिया ने 46 रनों से मैच को अपने नाम करते हुए 4-1 से सीरीज जीती.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें