Madhya Pradesh Weather: मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. इसी बीच प्रदेश के 25 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश की संभावना है तो वहीं कई जिलों का घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है. इसी बीच तेज ठंडी हवाओं के असर से सर्दी फिर से बढ़ गई है, जिससे कुछ दिन पहले निजात मिली थी. कई जिलों में बादल छाए रहने के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, जिससे सुबह और रात में ठंड ज्यादा महसूस होगी. मध्य प्रदेश में अगले तीन दिन मावठा गिरने की संभावना है. मावठा सर्दियों में होने वाली हल्की वर्षा को कहते हैं और यह बारिश पश्चिमी विक्षोम के कारण होती है.
मौसम विभाग के मुताबिक तीन फरवरी को तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है. वहीं ऐसा सिलसिला फरवरी के दूसरे हफ्ते तक जारी रह सकता है. मध्य प्रदेश के ज्यादातर शहर ठंड से ठिठुर रहे हैं. तीन फरवरी को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में बारिश के आसार हैं.
रविवार को कुछ जगहों पर गिरे थे ओले
इससे पहले मौसम विभाग ने सोमवार को ग्वालियर और रीवा, सागर संभाग समेत 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया था. रविवार को नीमच और मंदसौर में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, कुछ जगहों पर ओले भी गिरे. इसके अलावा ग्वालियर, धार, मुरैना और उज्जैन सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई थी.
4 फरवरी तक बारिश का अलर्ट जारी किया है. ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. इसके अलावा कई जिलों में कोहरा छाने की संभावना है.