पाकिस्तान की सरकार ने रविवार को अचानक ऐलान किया कि उसकी टीम 15 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-A मैच में भारत के खिलाफ मैदान पर खेलने नहीं उतरेगी. पाकिस्तान के इस ऐलान ने अचानक वर्ल्ड क्रिकेट को हैरान कर दिया. अगर पाकिस्तान 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरता है, तो ICC के नियमों के तहत मैच को फॉरफिट माना जाएगा. अगर पाकिस्तान टॉस के लिए नहीं आता है, तो मैच रेफरी औपचारिक रूप से भारत को वॉकओवर दे देंगे, जिससे ग्रुप स्टैंडिंग में भारत को दो पॉइंट मिलेंगे.
जब न्यूजीलैंड ने सरेआम की थी पाकिस्तान की बेइज्जती
एक वक्त ऐसा था, जब न्यूजीलैंड की टीम ने सरेआम पाकिस्तान और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की बेइज्जती कर दी थी. यह घटना साल 2021 की है, जब जान पर खतरा मंडराने की खबर मिलते ही पाकिस्तान दौरे पर गई न्यूजीलैंड की मेंस क्रिकेट टीम ने बीच में ही दौरा छोड़ दिया था. न्यूजीलैंड की मेंस टीम ने साल 2021 में न्यूजीलैंड सरकार के ‘सिक्योरिटी अलर्ट’ के बाद पाकिस्तान का दौरा रद्द कर दिया था.
जान पर मंडरा रहा था खतरा
न्यूजीलैंड को सितंबर 2021 में पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी में तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का पहला मैच पाकिस्तान के साथ खेलना था, जिसके बाद उन्हें पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए लाहौर जाना था. इंग्लैंड की पुरुष और महिला टीमों को भी साल 2021 में न्यूजीलैंड के बाद ही अगले महीने रावलपिंडी में खेलना था और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने कहा, ‘अगले 24-48 घंटों में’ तय करेगा कि मैच होंगे या नहीं.’
न्यूजीलैंड ने बीच में ही छोड़ दिया था PAK दौरा
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच 17 सितंबर 2021 को रावलपिंडी में पहला वनडे इंटरनेशनल मैच शुरू होने में कुछ ही मिनट बाकी थे, तभी अचानक कुछ ऐसा हुआ जिससे पूरी दुनिया हैरान रह गई. यह मैच दोपहर 2:30 बजे शुरू होना था, तभी अचानक एक बड़ा अपडेट आया कि न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान का दौरा रद्द कर दिया है. खबर मिली कि न्यूजीलैंड की सरकार को एक धमकी वाला इनपुट मिला था कि उनकी टीम पर पाकिस्तान में आतंकी हमला हो सकता है. न्यूजीलैंड की सरकार के आदेश पर तुरंत न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान छोड़ दिया.
शोएब अख्तर ने निकाला था गुस्सा
इस घटना के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कहा था कि न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान क्रिकेट को खत्म कर दिया. उन्होंने यह भी बताया कि देश ने साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश, वेस्टइंडीज, श्रीलंका और जिम्बाब्वे के दौरों की सुरक्षित मेजबानी की थी. वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर डैरेन सैमी ने भी न्यूजीलैंड के फैसले पर अपनी निराशा जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें पाकिस्तान में हमेशा सुरक्षित महसूस हुआ.