India A vs USA: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले सभी टीमें वॉर्म-अप मैच के जरिए तैयारियों में जुटी है. सोमवार (आज) को USA का सामना इंडिया ए टीम से हो रहा है. नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेले जा रहे वॉर्म अप मैच में भारत-ए टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया. भारतीय फैंस की नजर तिलक वर्मा पर थी, जो लंबे समय बाद क्रिकेट के मैदान पर वापसी कर रहे हैं. तिलक ने 24 गेंदों पर 38 रनों की अच्छी पारी खेली, लेकिन महफिल विकेट कीपर बल्लेबाज नारायण जगदीसन ने लूटी.
अमेरिका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में नारायण जगदीसन ने 49 गेंदों पर शतक जड़कर सनसनी मचा दी. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 55 गेंदों का सामना करते हुए 189.09 की स्ट्राइक रेट से 104 रन बनाए. तूफानी पारी के दौरान जगदीसन ने 11 चौके और 4 छक्के जड़े.
नारायण जगदीसन ने जड़ा तूफानी शतक
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे वॉर्म-अप मुकाबले में अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. इंडिया-ए ने निर्धारित 20 ओवरों में 238 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. नारायण जगदीसन ने 55 गेंदों पर 104 रन बनाए, वहीं इंडिया ए की कप्तानी कर रहे युवा खिलाड़ी आयुष बदोनी ने भी 26 गेंदों पर 60 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. दिल्ली के युवा बल्लेबाज प्रियांस आर्य ने ओपनिंग करते हुए 13 गेंदों पर 28 रन बनाए और टीम को शानदार शुरुआत दिलाई.
इसी USA टीम से हारा था पाकिस्तान
इंडिया-ए के खिलाफ USA की वही टीम खेल रही है, जिसने दो साल पहले 2024 टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को पटखनी दी थी. दलास में खेले गए उस रोमांचक मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ था. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए थे, जिसके जवाब में USA ने भी 159 रन बनाए. इसके बाद सुपर ओवर में अमेरिका ने 18 रन बना दिए और बदले में पाकिस्तान की टीम 13 रन बना सकी और 5 रन से ये मुकाबला हार गई. USA से शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गया था.
इस बार भी भारत और पाकिस्तान से खेलेगा अमेरिका
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी USA को भारत और पाकिस्तान के साथ ग्रुप-ए में रखा गया है. 7 फरवरी को ये टीम सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया से खेलेगी, वहीं 10 फरवरी को अमेरिका का सामना पाकिस्तान से होगा. इस ग्रुप में नीदरलैंड और नामीबिया भी शामिल है.
ये भी पढ़ें: अमेरिका-नामीबिया में नहीं जान, इसलिए भारत से नहीं खेलना चाहता पाकिस्तान? कहीं उल्टा ना पड़ जाए नकवी का प्लान