Last Updated:
ICC can not punish Pakistan: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच ना खेलने का फैसला सरकार के निर्देश पर लिया. पूर्व आईसीसी चेयरमैन और पाकिस्तान क्रिकेट के पूर्व चीफ एहसान मनी ने इसे सही ठहराया,. उनका कहना है कि पीसीबी के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया जा सकता है.
नई दिल्ली. भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में मैच खेला जाएगा या नहीं इसको लेकर बवाल मचा हुआ है. पीसीबी ने सरकार के फैसले को मानते हुए मैच ना खेलने का मन बना लिया है. पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन एहसान मनी ने इसको लेकर अपनी राय दी है. उन्होंने कहा है कि आईसीसी पाकिस्तान को भारत के खिलाफ आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज मैच का बहिष्कार करने पर सजा नहीं दे सकता. यह फैसला सरकार के निर्देश पर लिया गया है और इसलिए यह गवर्निंग बॉडी के अनुशासनात्मक दायरे से बाहर है.
पाकिस्तान ने घोषणा की थी कि वह 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ हाई-प्रोफाइल मैच में मैदान पर नहीं उतरेगा. सरकार ने 7 फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के बाकी मैचों में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को मंजूरी दे दी थी. सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में पाकिस्तान सरकार ने कहा कि उसने टीम को टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति दी है, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि भारत के खिलाफ मैच में टीम मैदान पर नहीं उतरेगी.
मनी ने स्पोर्टस्टार से कहा, “अगर पाकिस्तान सरकार के निर्देशों का पालन करता है तो उस पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता. यही आधार था जिस पर भारत ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के मैच पाकिस्तान में खेलने से इनकार किया था. आप दोहरे मापदंड नहीं अपना सकते. समस्या का समाधान करने के बजाय आईसीसी सिर्फ मूकदर्शक बनी रही है.”
मनी ने कहा कि इस स्थिति ने सरकारों के लिए क्रिकेटिंग फैसलों को प्रभावित करने का रास्ता खोल दिया है. खासकर जब पीसीबी चेयरमैन खुद पाकिस्तान सरकार में मंत्री हैं. आईसीसी ने पाकिस्तान सरकार के फैसले पर सवाल उठाया है और चेतावनी दी है कि चयनात्मक भागीदारी से दंडात्मक परिणाम हो सकते हैं. गवर्निंग बॉडी ने कहा कि उसे अभी तक पीसीबी से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है, लेकिन इस कदम को वैश्विक खेल आयोजन के सिद्धांतों के खिलाफ बताया.
आईसीसी ने एक बयान में कहा, “आईसीसी को उम्मीद है कि पीसीबी अपने देश में क्रिकेट के लिए दीर्घकालिक और महत्वपूर्ण प्रभावों पर विचार करेगा, क्योंकि इससे वैश्विक क्रिकेट इकोसिस्टम प्रभावित हो सकता है, जिसका वह खुद सदस्य और लाभार्थी है.” सरकारों की राष्ट्रीय नीति में भूमिका को स्वीकार करते हुए आईसीसी ने कहा कि यह फैसला वैश्विक खेल या दुनियाभर के फैंस, जिसमें पाकिस्तान के फैंस भी शामिल हैं, के हित में नहीं है.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें