मंदसौर कलेक्टर अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को सुशासन भवन स्थित सभागृह में साप्ताहिक अंतरविभागीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि, कृषि सुदृढ़ीकरण, समग्र विकास और जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित समस्त जिला अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर अदिती गर्ग ने मल्हारगढ़ क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के संबंध में कृषि एवं राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से त्वरित आकलन कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आकलन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, ताकि प्रभावित किसानों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जा सके। कृषि वर्ष 2026 : वार्षिक कार्ययोजना का कैलेंडर बनेगा
साल 2026 को कृषि वर्ष घोषित किए जाने के मद्देनजर कलेक्टर ने कृषि विभाग को वार्षिक कार्ययोजना का विस्तृत कैलेंडर तैयार कर उसके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में फसलों के विपणन, निर्यात, उत्पादन गुणवत्ता में सुधार, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। माइक्रो इरिगेशन और जैविक दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा
बैठक में माइक्रो इरिगेशन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने तथा दुग्ध उत्पादकों को जैविक प्रणाली से जोड़ने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही रबी विपणन अंतर्गत गेहूं उपार्जन की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने पर भी जोर दिया गया। जल गुणवत्ता, स्वच्छता और जल जीवन मिशन की समीक्षा
जनस्वास्थ्य और स्वच्छता के क्षेत्र में कलेक्टर ने सभी नगर परिषदों के सीएमओ को पानी की गुणवत्ता की टेस्टिंग रिपोर्ट पेश करने, रोस्टर अनुसार नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन और जलस्रोतों की निरंतर सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। जनपद पंचायत सीईओ को ग्राम पंचायत स्तर पर जलस्रोतों की पहचान कर उनकी सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। शिक्षा, सीएम हेल्पलाइन और संकल्प से समाधान पर जोर
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को महिला शौचालय रहित शासकीय विद्यालयों की सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत सभी विभागों को नियमित शिविर लगाकर शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण को प्राथमिकता देने पर भी विशेष बल दिया गया।
Source link