चंदौली: टी-20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी 2026 से खेला जाना है और भारत-पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में मुकाबला होना था, लेकिन पाकिस्तान ने बांग्लादेश के राह पर चलते हुए बायकॉट का फैसला लिया है. इसको लेकर लोकल 18 के संवाददाता ने चंदौली जिले के मुगलसराय के क्रिकेट प्रेमियों से बातचीत की, जहां खेल प्रेमियों ने अपनी-अपनी बात रखी.
भारत-पाकिस्तान शुरू से रहे हैं कट्टर
खेल प्रेमी अमरनाथ कुमार ने लोकल 18 से कहा कि खेल की दृष्टि से देखा जाए, तो मैच तो होना चाहिए. पॉलिटिकल इशू है, वह अपने जगह मायने रखता है, लेकिन कल भी तो भारत और पाकिस्तान अंडर-19 मैच हुआ ही है, तो यह मैच भी कोलंबो में प्रस्तावित था, तो यह मैच होना चाहिए था. कहने का मतलब है कि भारत-पाकिस्तान तो कट्टर शुरू से ही रहा है और पिछले मैच में भी जो विगत मैच हुआ था, उसमें भी इंडिया प्लेयर्स हाथ नहीं मिलाए थे, वह तरीका अलग है, लेकिन मैच होना चाहिए था.
खेल में सबसे जरूरी है डिसिप्लिन
खेल प्रेमी दिलीप कुमार गुप्ता ने लोकल 18 से कहा कि मैच तो होना चाहिए, क्योंकि आईसीसी के नियमों के विरुद्ध नहीं जाना चाहिए. खेल में सबसे बड़ा डिसिप्लिन जरूरी है. भारत ने भी अंडर-19 मैच खेला था, वह भी विरोध कर सकता था, लेकिन उसने नहीं किया. उसने खेल के नियमों को समझते हुए और खेल की भावनाओं को समझते हुए मैच खेला. पाकिस्तान को भी चाहिए था कि मैच खेला जाए, क्योंकि यह दो देशों के बीच का मामला है, लेकिन खेल प्रेमियों के हिसाब से, खिलाड़ियों के हिसाब से मैच खेलना चाहिए.
मैच होने से बनता है फ्रेंडली माहौल
खेल प्रेमी नीरज कुमार ने लोकल 18 से कहा कि क्रिकेट मैच को पॉलिटिकल इशू बनाना यह अच्छी बात नहीं है. खिलाड़ी को खेल खेलना जरूरी होता है, चाहे कोई भी देश हो, सब लोग खिलाड़ी बनते हैं खेलने के लिए. यह पॉलिटिक्स पॉलिटिशियन करें, तो ज्यादा अच्छा है. खिलाड़ियों को नहीं करना चाहिए और बोर्ड को भी इसमें इन्वॉल्व नहीं होने की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि आईसीसी सारे बोर्ड को कंट्रोल करता है, तो उसकी बात को समझना चाहिए. वह समझा रहे हैं और खेल भावना को ध्यान में रखते हुए खेल होना बहुत जरूरी है, क्योंकि मैच अगर होता है, तो फ्रेंडली माहौल बनता है. दोनों देशों में और हमें भी देखने में बहुत अच्छा लगता है. इसलिए मैच तो जरूर होना चाहिए.
पॉलिटिक्स की आड़ छिप रहा पाकिस्तान
खेल प्रेमी असलम ने लोकल 18 से कहा कि हम साफ-साफ कहना चाहते हैं कि पॉलिटिक्स की आड़ लेकर पाकिस्तान इंडिया से मैच खेलना ही नहीं चाह रहा है. वह जान रहा है कि जैसे हमारी टीम फॉर्म में है. कोलंबो हो, इंडिया हो, पाकिस्तान हो, कहीं भी मैच हो, वह उड़ जाएंगे. इसलिए सोच रहा है कि भाग निकलो, इसलिए वह मैच नहीं खेल रहे हैं.