अनूपपुर में मंगलवार को दिनभर तेज धूप रहने के बाद शाम को आसमान में काले बादल छा गए और हल्की हवाओं के साथ बूंदाबांदी दर्ज की गई। इससे मौसम में हल्की ठंडक लौट आई है और रबी की फसलों को फायदा होने की उम्मीद जगी है। रात में भी बारिश का अलर्ट अनूपपुर के अलावा बूंदाबांदी पुष्पराजगढ़, भालूमाड़ा, कोतमा और जैतहरी जैसे इलाकों में कुछ समय के लिए दर्ज हुई। हालांकि यह बारिश अधिक लंबी नहीं रही, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार राक आसमान में काले बादल बने हुए हैं, जिससे रात में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसी वजह से किसानों को मौसम से राहत मिलने की उम्मीद है। रबी फसलों के लिए बारिश फायदेमंद उप संचालक कृषि वर्षा त्रिपाठी ने बताया कि यह हल्की बारिश रबी फसलों के लिए लाभदायक है। खेतों में अभी गेहूं, चना, मसूर, मटर और अन्य रबी फसलें लगी हैं, जिनके पकने का समय अभी नहीं आया है। उन्होंने कहा कि इस बारिश से मिट्टी में नमी बनी रहेगी और इससे फसलों की बढ़ोतरी में मदद मिलेगी। 11 डिग्री सेल्सियस पहुंचा न्यूनतम तापमान अधिकारियों के अनुसार जिले में इस वर्ष करीब 93100 हेक्टेयर क्षेत्र में रबी फसलों की बुवाई हुई है, जिसमें गेहूं, चना, मसूर, अलसी और तिलहन शामिल हैं। मंगलवार को जिले में अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम लगभग 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे मौसम में नमी और ठंडक का अनुभव हुआ। अगले कुछ दिनों तक बारिश-आंधी की संभावना राज्य के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदल सकता है और कई जगहों पर बारिश और आंधी का असर रहने की संभावना जताई जा रही है, जिससे अनूपपुर समेत आसपास के इलाकों में भी बारिश के और अवसर बन सकते हैं। यह हल्की बूंदाबांदी किसानों के लिए राहत लेकर आई है, जिसका असर रबी फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन पर सकारात्मक रूप से पड़ने की उम्मीद की जा रही है।
Source link