आगर मालवा जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कुल 66 आवेदकों ने अपनी समस्याएं रखीं। अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया और बचे आवेदनों के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया। ग्राम जोगीबर्डिया के देवानाथ ने अपने शासकीय पट्टे की भूमि पर अवैध कब्जे और उसे बेचने की कोशिश की शिकायत की। इस पर तहसीलदार बड़ोद को जांच के निर्देश दिए गए। मानदेय और सेवा भूमि: ग्राम लाखाखेड़ी के कोटवार हरिनारायण ने पिछले दो वर्षों से मानदेय न मिलने और सेवा भूमि आवंटित न होने की समस्या बताई, जिसे तहसीलदार आगर को सौंपा गया। मुआवजे की मांग: आगर की संतोषबाई ने करंट से अपनी नाबालिग बेटी की मृत्यु पर आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर विद्युत कंपनी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नाली की समस्या: बड़ा गवलीपुरा के धनराज गवली ने मुख्य सड़क पर नाली का गंदा पानी फैलने की शिकायत कर समाधान की मांग की। इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन, अतिक्रमण हटाने, राशन कार्ड और भूमि सीमांकन जैसे विषयों पर भी आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर एसडीएम मिलिंद ढोके और डिप्टी कलेक्टर किरण बरबड़े सहित अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link